logo

राहुल गांधी पर FIR के विरोध में रांची में झारखंड कांग्रेस का प्रदर्शन

CNGRNC.jpg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:
राहुल गांधी के खिलाफ उत्तराखंड में दर्ज एफआईआर के विरोध में झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी ने रांची में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश के नेतृत्व में कांग्रेस भवन से अल्बर्ट एक्का चौक तक विरोध जुलूस निकाला गया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ नारे लगाए। अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचने के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार का पुतला भी जलाया।

एफआईआर से राहुल गांधी की आवाज नहीं दबाई जा सकती- केशव महतो कमलेश

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज एफआईआर राजनीतिक दबाव बनाने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी गरीब, दलित, आदिवासी, पिछड़े और आम लोगों के अधिकारों की आवाज उठा रहे हैं। इसलिए उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। एफआईआर या सरकारी दबाव से राहुल गांधी की आवाज नहीं दबाई जा सकती। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के साथ किसान, युवा, छात्र और बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता खड़े हैं।

राहुल गांधी को निशाना बनाना जनता की आवाज को दबाना 
प्रदर्शन में सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि यह आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि जब तक लोकतंत्र और संविधान से जुड़े मुद्दे उठते रहेंगे, कांग्रेस उनका विरोध करती रहेगी। वहीं कांग्रेस विधायक दल के उपनेता राजेश कच्छप ने कहा कि राहुल गांधी को निशाना बनाना जनता की आवाज को निशाना बनाने जैसा है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के खिलाफ जितने मामले दर्ज होंगे, उतने ही सवाल जनता के बीच भाजपा सरकार से पूछे जाएंगे।

प्रदर्शन में विधायक डॉ. रामेश्वर उरांव, प्रदेश कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राजेश ठाकुर, पूर्व कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की, शहजादा अनवर, राजेश गुप्ता छोटू, रवीन्द्र सिंह, राकेश सिन्हा, गजेन्द्र सिंह, सुरेन्द्र सिंह, सूर्यकांत शुक्ला, आलोक दूबे, विनय सिन्हा दीपू और उज्ज्वल तिवारी समेत कई कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।


 

Tags - Rahul GandhiJharkhand CongressKeshav Mahto KamleshBJP GovernmentRanchi Protest