अहमदाबाद
झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष और पूर्व मंत्री बंधु तिर्की इन दिनों गुजरात दौरे पर हैं। इस दौरे के दौरान उन्होंने गुजरात कांग्रेस के नव नियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अमित चावड़ा और कांग्रेस विधायक दल के नव नियुक्त नेता तुषार चौधरी से मुलाकात कर उन्हें नई जिम्मेदारी संभालने पर शुभकामनाएं दीं।
बंधु तिर्की, तुषार चौधरी के कांग्रेस विधायक दल के नेता के रूप में शपथ ग्रहण समारोह के साक्षी बने और पार्टी द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भी शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने कहा, "अमित चावड़ा और तुषार चौधरी दोनों ही अनुभवी नेता हैं। पार्टी आलाकमान ने उन्हें बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है, जिससे साफ है कि कांग्रेस संगठन को और मजबूत करना चाहती है।"

उन्होंने कहा कि गुजरात कांग्रेस द्वारा अमित चावड़ा को प्रदेश अध्यक्ष बनाकर संगठन में नई ऊर्जा भरने और आंदोलन को धार देने की दिशा में कदम उठाया गया है। वहीं, आदिवासी नेता तुषार चौधरी को विधायक दल का नेता बनाकर कांग्रेस ने एक बार फिर यह स्पष्ट किया है कि पार्टी आदिवासी समाज को राजनीति में अग्रणी भूमिका देना चाहती है।
बंधु तिर्की ने आगे कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही आदिवासी समुदाय के प्रति संवेदनशील रही है, चाहे बात झारखंड की हो या छत्तीसगढ़, ओडिशा, असम या गुजरात की। कांग्रेस ने संगठन और सरकार दोनों स्तरों पर आदिवासी नेताओं को आगे बढ़ाया है।
उन्होंने विश्वास जताया कि तुषार चौधरी गुजरात विधानसभा में जनता की मजबूत आवाज बनेंगे और कांग्रेस विपक्ष के तौर पर जनता के ज्वलंत मुद्दों पर और मुखर होगी। गुजरात दौरे के क्रम में बंधु तिर्की ने आदिवासी कांग्रेस अध्यक्ष विक्रांत भूरिया और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी से भी मुलाकात की। इस दौरान सांगठनिक ढांचे, राजनीतिक रणनीतियों और राष्ट्रीय राजनीति के मुद्दों पर चर्चा हुई। इस मुलाकात को कांग्रेस के राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक अहम कड़ी माना जा रहा है।
