logo

'वोट चोरी' के मुद्दे पर झारखंड कांग्रेस का हमला तेज, गांव-गांव चलाएगी अभियान; भाजपा ने लगाया ये आरोप

cong0123.jpg

रांची
कर्नाटक के बेंगलुरु सेंट्रल लोकसभा क्षेत्र की महादेवपुरा विधानसभा सीट में 1 लाख से अधिक फर्जी वोटरों के सहारे भाजपा को चुनाव जिताने के राहुल गांधी के आरोप के बाद अब झारखंड कांग्रेस ने इस मुद्दे को राज्यभर में ले जाने की रणनीति तैयार की है। पार्टी इसे ‘वोट की चोरी’ बताते हुए चुनाव आयोग और भाजपा की मिलीभगत का आरोप लगा रही है। इस संबंध में कांग्रेस ने एक ऑडियो व वीडियो क्लिप भी जारी किया है। वहीं, भाजपा ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कांग्रेस पर ‘घटिया राजनीति’ करने का पलटवार किया है।


जनता को बताएंगे "वोट चोरी" की साजिश: कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश
झारखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने कहा कि पार्टी ने यह मामला गांवों और कस्बों तक पहुंचाने की योजना बनाई है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा और चुनाव आयोग की साठगांठ से लोकतंत्र और बाबा साहब आंबेडकर द्वारा दिए गए मताधिकार को कुचला जा रहा है।
उन्होंने बताया कि पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों, युवा कांग्रेस, महिला कांग्रेस, सेवा दल, एससी-एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक विभाग को निर्देश दिया गया है कि वे राहुल गांधी द्वारा पेश किए गए तथ्यों को आम जनता के सामने रखें। कांग्रेस कार्यालयों में 15 अगस्त तक दो शिफ्टों में बड़ी एलईडी स्क्रीन पर राहुल गांधी के खुलासे और एक वीडियो गीत को दिखाया जाएगा।


"कांग्रेस अब संवैधानिक संस्थाओं पर भी निशाना साध रही" – भाजपा
राहुल गांधी और कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने कहा कि कांग्रेस अब इतनी नीचे गिर गई है कि वह भाजपा का विरोध करते-करते चुनाव आयोग और सेना जैसी संस्थाओं पर भी सवाल उठाने लगी है। उन्होंने कहा कि यदि राहुल गांधी के पास सबूत हैं, तो वे एफिडेविट के साथ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज कराएं। पाठक ने राहुल गांधी की परिपक्वता पर सवाल उठाते हुए कहा कि उनका व्यवहार बचकाना है और जिस पद पर वे हैं, उसकी गरिमा का भी उन्हें ख्याल नहीं है।
"कांग्रेस कर रही है भ्रम फैलाने की कोशिश" – भाजपा प्रवक्ता अजय साह
भाजपा प्रवक्ता अजय साह ने कांग्रेस के आरोपों को लेकर महाराष्ट्र में 1985 से 2024 तक के मतदाता आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि वोटर सूची में बदलाव कोई नई बात नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर बताया कि जब कांग्रेस सत्ता में थी, तब उसे ये सब सामान्य लगता था, लेकिन 2014 के बाद से उन्हें हर प्रक्रिया में साजिश नजर आने लगी है। अजय साह ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी देश में संवैधानिक संकट खड़ा करने की दिशा में काम कर रहे हैं।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest