द फॉलोअप डेस्क
कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने झारखंड समेत कई राज्यों में पार्टी प्रभारियों में बदलाव किया है। के. राजू को झारखंड कांग्रेस का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। इसकी जानकारी प्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के चेयरमैन सतीश पॉल मुंजनी ने दी।
बता दें कि के. राजू वर्तमान में कांग्रेस के SC-ST-OBC-माइनोरिटी विभाग के नेशनल कोऑर्डिनेटर हैं। वह तेलंगाना के हैदराबाद के रहने वाले हैं और पहले आईएएस अधिकारी भी रह चुके हैं। उन्हें राहुल गांधी के करीबी नेताओं में गिना जाता है। सतीश पॉल मुंजनी ने कहा कि के. राजू एक अनुभवी और मजबूत संगठनकर्ता हैं, जिनके नेतृत्व में झारखंड कांग्रेस को और मजबूती मिलेगी।
झारखंड कांग्रेस में एक साल में दूसरी बार प्रभारी बदला गया
जानकारी हो कि दिसंबर 2023 में गुलाम अहमद मीर को झारखंड कांग्रेस का प्रभारी बनाया गया था। इससे पहले यह जिम्मेदारी अविनाश पांडेय के पास थी। गुलाम अहमद मीर को पश्चिम बंगाल का भी प्रभार सौंपा गया था। उनके कार्यकाल में लोकसभा चुनाव में कांग्रेस की सीटें एक से बढ़कर दो हो गईं, वहीं विधानसभा में पार्टी ने 2019 जैसा प्रदर्शन दोहराते हुए 16 सीटें जीतीं।