logo

ऑनलाइन खतियान में ‘मुंडा’ की जगह ‘स्वासी’ दर्ज होने से परेशान ग्रामीण, CM हेमंत सोरेन से मिले प्रतिनिधिमंडल

ऑनलाइन खतियान में ‘मुंडा’ की जगह ‘स्वासी’ दर्ज होने से परेशान ग्रामीण, CM हेमंत सोरेन से मिले प्रतिनिधिमंडल

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः

रांची के कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आज मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुंडा समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को तमाड़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत बुंडू अंचल की छह पंचायतों के 18 गांवों में ऑनलाइन खतियान से जुड़ी समस्या की जानकारी दी। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि इन गांवों के ऑनलाइन खतियान में जाति का नाम ‘मुंडा’ के स्थान पर ‘स्वासी’ अंकित है। इसके कारण संबंधित गांवों के ग्रामीणों को विभिन्न प्रकार की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऑनलाइन खतियान में जाति का नाम गलत दर्ज होने से उत्पन्न समस्या को दूर करने के लिए प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपनी मांग रखी।

नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन

प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से ऑनलाइन खतियान में दर्ज जाति के नाम में सुधार कराने और ‘स्वासी’ के स्थान पर ‘मुंडा’ दर्ज करने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और मामले में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की दिशा में पहल करने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल को उम्मीद है कि इस पहल से बुंडू अंचल की छह पंचायतों के 18 गांवों के ग्रामीणों को ऑनलाइन खतियान में जाति के नाम से जुड़ी समस्या से राहत मिल सकेगी। इस मौके पर तमाड़ के विधायक विकास मुंडा भी मौजूद रहे।

Tags - Hemant Soren Munda Community Jharkhand Government Online Khatiyan Vikas Munda