द फॉलोअप, गिरिडीह:
गिरिडीह कॉलेज में शैक्षणिक व्यवस्था में सुधार सहित विभिन्न मांगों को लेकर झारखंड छात्र मोर्चा ने गुरुवार से अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। छात्र मोर्चा ने कॉलेज को राजनीति का अखाड़ा बनाए जाने का आरोप लगाते हुए परिसर में बेहतर शैक्षणिक माहौल बहाल करने की मांग की है। झारखंड छात्र मोर्चा ने अपनी पांच प्रमुख मांगें कॉलेज प्रशासन के समक्ष रखी हैं। छात्र मोर्चा की मांग है कि शैक्षणिक सत्र समय पर संचालित कराया जाए। प्रोफेसर विनिता कुमारी से राजनीति से दूर रहकर शिक्षण कार्य करने की मांग की गई है। जेल गए प्रोफेसर सतीश यादव के स्थान पर छात्रों की पढ़ाई प्रभावित न हो, इसके लिए वैकल्पिक शिक्षक की व्यवस्था करने की भी मांग की गई है।

छात्र संगठनों का आंदोलन तेज
इसके अलावा पूर्व प्राचार्य डॉ. अनुज कुमार के कार्यकाल में हुई कथित अवैध निकासी की जांच कराने तथा छात्र-छात्राओं की सुरक्षा के लिए कॉलेज परिसर में CCTV कैमरे लगाने की मांग की गई है। गौरतलब है कि कॉलेज में कथित फर्जी निकासी की जांच और प्रोफेसर एमएन सिंह को हटाने की मांग को लेकर ABVP के दो छात्र नेता पिछले सात दिनों से भूख हड़ताल पर हैं। सातवें दिन तबीयत बिगड़ने के बाद भूख हड़ताल पर बैठे छात्रों को जांच के लिए सदर अस्पताल भी ले जाया गया था। अब झारखंड छात्र मोर्चा के अनिश्चितकालीन धरने से कॉलेज में छात्र संगठनों का आंदोलन और तेज हो गया है। छात्र संगठनों ने मांगों पर कार्रवाई नहीं होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही है।
