logo

जागरूकता : बाबूलाल मरांडी ने टीका लेकर किया झारखंड भाजपा के बूस्टर डोज जागरण अभियान का शुभारंभ

babu_bjp.jpg

 

रांची:
राष्ट्रीय स्वयंसेवक अभियान के तहत झारखंड भाजपा ने गुरुवार को पार्टी के प्रदेश कार्यालय से बूस्टर डोज जागरण अभियान का शुभारंभ किया। पूर्व मुख्यमंत्री सह पार्टी के विधायक दल के नेता बाबूलाल मरांडी और अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष अनवर हयात ने बूस्टर डोज का टीका लगाकर अभियान की विधिवत् शुरुआत की।  मौके पर अभियान की संयोजक सह प्रदेश उपाध्यक्ष गंगोत्री कुजूर, सह संयोजक सरोज सिंह, सदस्य राजीव कुमार उपस्थित थे। वहीं मौके पर सदर अस्पताल के चिकित्सा पदाधिकारी Dr. विकास गुप्ता जी और उनकी टीम भी मौजूद रही। 

 

 

कुशलक्षेम के साथ लोगों से यह भी पूछिए कि आपने सपरिवार टीका लगवाया या नहीं

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि टीकाकरण के पहले, दूसरे या बूस्टर डोज के जो भी मापदंड तय किए गए हैं और उस मापदंड की जो भी पात्रता रखते हैं उन तमाम लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित कराना हम सभी की जिम्मेवारी है। शुरुआती दिनों में हर अभियान को लेकर कुछ भ्रांतियां रहती है, लिहाजा इसको लेकर भी रहीं परंतु अब सारी भ्रांतियां दूर हो चुकी है। भारत जैसे विविधत्ताओं से भरे देश में 163 करोड़ से अधिक लोगों का टीकाकरण होना एक बड़ी उपलब्धि है। झारखंड में टीकाकरण की धीमी गति चिंताजनक है। इस लिहाज से हम सभी की जिम्मेवारी और बढ़ जाती है। लोगों से अपील करते हुए कहा कि हम अपने लोगों से, रिश्तेदारों से कुशलक्षेम पूछते हैं कि आप कैसे हैं। इसके साथ एक बात और जोड़ दीजिए कि आपने कोरोना का टीका लगवाया या नहीं।