जामताड़ा
सोमवार को विधानसभा घेराव के दौरान छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) द्वारा बुलाए गए राज्यव्यापी ‘झारखंड बंद’ का असर मंगलवार सुबह जामताड़ा में देखने को नहीं मिला। सुबह 10:00 बजे तक शहर में आम दिनों की तरह ही चहल-पहल बनी रही। शहर के मुख्य बाजार, सब्जी मंडी और व्यावसायिक प्रतिष्ठान सामान्य रूप से खुले रहे, जबकि सड़कों पर गाड़ियों का परिचालन भी बिना किसी बाधा के जारी रहा।
बंद की सूचना नहीं मिलने की व्यापारियों ने कही बात
स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि बंद को लेकर पूर्व में कोई आधिकारिक घोषणा या अनाउंसमेंट नहीं किया गया था। इसके कारण सुबह के समय बाजार में बंद का कोई खास असर देखने को नहीं मिला और अधिकांश दुकानें सामान्य रूप से खुली रहीं।
सुरक्षा के मद्देनजर चौक-चौराहों पर पुलिस तैनात
हालांकि, स्थिति पर नजर बनाए रखने और सुरक्षा के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। प्रशासन की ओर से लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और शहर में शांति व्यवस्था बनी रहे।
भाजपा कार्यकर्ताओं ने दुकानदारों से की बंद की अपील
इसी बीच, जामताड़ा भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण अपने समर्थकों के साथ शहर में घूमकर व्यापारियों से दुकानें बंद करने की अपील करते नजर आए। भाजपा जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि सुबह केवल दुकानदारों से शांतिपूर्ण ढंग से अपने प्रतिष्ठान बंद करने का आग्रह किया गया है।
12 बजे के बाद पूरी तरह बंद कराने का दावा
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि दोपहर 12:00 बजे के बाद शहर को पूरी तरह से बंद कराया जाएगा। वहीं, प्रशासन लगातार सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी कर रहा है, ताकि बंद के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और शांति व्यवस्था कायम रहे।