द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
झारखंड में सहायक जेलर के 84 पदों पर नियुक्ति के लिए चयन प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। इसके तहत 28 अक्टूबर से अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच शुरू होगी, जिसमें कुल 56,304 उम्मीदवार शामिल होंगे। परीक्षा के संचालन के लिए रांची, हजारीबाग और दुमका में तीन चयन समितियां गठित की गई हैं। पुलिस मुख्यालय के महानिरीक्षक ने डीजीपी के निर्देश पर इस संबंध में जानकारी जारी की है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, रांची में 25,215, हजारीबाग में 19,926 और दुमका में 11,163 अभ्यर्थियों की शारीरिक जांच की जाएगी। रांची में यह प्रक्रिया 13 नवंबर तक, हजारीबाग में 7 नवंबर तक और दुमका में 3 नवंबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है।

रोजाना 20 बैच में होगी अभ्यर्थियों की जांच
शारीरिक परीक्षा के सुचारु संचालन के लिए चयन समितियों को प्रतिदिन 20 बैच में उम्मीदवारों की जांच कराने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक बैच में 100-100 अभ्यर्थियों को शामिल करने की व्यवस्था निर्धारित की गई है। इस प्रक्रिया के जरिए उम्मीदवारों की शारीरिक क्षमता का आकलन किया जाएगा, ताकि सहायक जेलर के पद की जिम्मेदारियों के अनुरूप उनकी योग्यता परखी जा सके। बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के शामिल होने को देखते हुए तीनों केंद्रों पर निर्धारित समयसीमा के भीतर जांच पूरी करने की तैयारी की गई है।
