Jharkhand Assistant Jailor Vacancy: झारखंड (Jharkhand) में सहायक जेलर के 84 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके तहत 28 अक्टूबर से शारीरिक जांच परीक्षा आयोजित की जाएगी, जिसमें कुल 56,304 उम्मीदवार शामिल होंगे। परीक्षा प्रक्रिया 13 नवंबर तक पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। इस संबंध में डीजीपी के निर्देश पर पुलिस मुख्यालय के महानिरीक्षक ने जानकारी जारी की है।

रांची, हजारीबाग और दुमका में होगी जांच
शारीरिक जांच के लिए राज्य में तीन चयन कमेटियां बनाई गई हैं। रांची में सबसे अधिक 25,215 उम्मीदवार शामिल होंगे, जबकि हजारीबाग में 19,926 और दुमका में 11,163 अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी। रांची में यह प्रक्रिया 13 नवंबर तक, हजारीबाग में 7 नवंबर तक और दुमका में 3 नवंबर तक चलेगी। इस जांच के जरिए उम्मीदवारों की शारीरिक क्षमता का आकलन किया जाएगा, जो सहायक जेलर के पद पर कार्य करने के लिए जरूरी है।

हर दिन 20 बैच में होगी शारीरिक जांच
चयन कमेटियों को प्रतिदिन 20 बैच में उम्मीदवारों की शारीरिक जांच कराने का निर्देश दिया गया है। प्रत्येक बैच में 100 उम्मीदवार शामिल होंगे। सहायक जेलर के 84 पदों के लिए बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों के आवेदन और भागीदारी को देखते हुए तीनों शहरों में अलग-अलग जांच प्रक्रिया आयोजित की जाएगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, सभी चयन कमेटियों को तय समयसीमा के भीतर शारीरिक जांच पूरी करनी होगी।