द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के पहले दिन मांडू विधायक निर्मल महतो ने JPSC और JSSC में कथित घोटाले के विरोध में विधानसभा परिसर के बाहर धरना दिया। उन्होंने JPSC की CBI जांच कराने और JSSC CGL परीक्षा को रद्द करने की मांग उठाई। धरने के दौरान विधायक निर्मल महतो अपने साथ कथित सरकारी नौकरी बिक्री केंद्र का एक प्रतीकात्मक रेट लिस्ट भी लेकर पहुंचे। इस सूची में JPSC और JSSC की विभिन्न नौकरियों के कथित रेट दर्शाए गए थे। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में नौकरियां बेची जा रही हैं।

मानसून सत्र में ऑफर चल रहा है
निर्मल महतो ने राज्य सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि अभी मानसून सत्र में ऑफर चल रहा है, नौकरियां भी सस्ते रेट पर बिक रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के कार्यकाल में सरकारी नौकरियों की खरीद-फरोख्त हो रही है और इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। विधायक ने कहा कि रांची के जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में छात्र लगातार आंदोलन कर रहे हैं और JPSC-JSSC परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों की जांच के साथ सरकार की जवाबदेही तय करने की मांग कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों को गंभीरता से सुना जाना चाहिए।

आज से शुरू हुआ मानसून सत्र
गौरतलब है कि झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र आज से शुरू हुआ है। विपक्ष पहले दिन से ही JPSC-JSSC, छात्र आंदोलन और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रहा है। वहीं सत्ता पक्ष भी विपक्ष के आरोपों का जवाब देने की तैयारी में है।