द फॉलोअप डेस्क
झारखंड विधानसभा के बजट सत्र का शनिवार को चौथा दिन है। आज प्रथम पाली में प्रश्नकाल आयोजित होगा, जबकि द्वितीय पाली में वित्तीय वर्ष 2025-26 के तीसरे अनुपूरक बजट पर चर्चा की जाएगी। सत्र को देखते हुए कार्मिक विभाग ने शनिवार को सामान्यतः बंद रहने वाले सचिवालय और उससे संबद्ध कार्यालयों को भी खुले रखने का निर्देश दिया है। शुक्रवार को सदन में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने 2025-26 के लिए तीसरा अनुपूरक बजट पेश किया था। इस बजट में कुल 6450 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। शनिवार को इस पर विस्तृत बहस के बाद इसे पारित किए जाने की संभावना है।अनुपूरक बजट में सबसे अधिक 779 करोड़ रुपये महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग को आवंटित किए गए हैं। इसी राशि से मंईयां सम्मान योजना के तहत भुगतान किया जाएगा। राज्य सरकार का कहना है कि इस अतिरिक्त बजटीय प्रावधान से विकास योजनाओं को गति मिलेगी और सामाजिक कल्याण से जुड़ी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित होगा।
