रांची
कल यानी 6 अगस्त 2026 से प्रारंभ होने वाले षष्ठम झारखंड विधानसभा के मानसून सत्र के सफल, सुचारू एवं गरिमापूर्ण संचालन को लेकर आज झारखंड विधानसभा स्थित स्पीकर कक्ष में विधानसभा अध्यक्ष रबीन्द्र नाथ महतो की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी शामिल हुए। बैठक में मानसून सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही को लोकतांत्रिक परंपराओं एवं संसदीय मर्यादाओं के अनुरूप संचालित किए जाने पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। साथ ही सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से सदन की कार्यवाही के सुचारू संचालन हेतु सकारात्मक सहयोग प्रदान करने का आग्रह किया गया।

औपबंधिक कार्य दिवसों के संबंध में गहन विचार-विमर्श
बैठक में मानसून सत्र के औपबंधिक कार्य दिवसों के संबंध में गहन विचार-विमर्श हुआ। अध्यक्ष ने विधायक दल के नेताओं से कहा कि सत्र अपेक्षाकृत छोटा होने के बावजूद, हमें विचार करना चाहिए कि समय का सदुपयोग जनहित में किस प्रकार किया जा सके। बैठक में विभिन्न समसामयिक विषयों पर चर्चाएँ कराए जाने पर विमर्श हुआ, जिसका निर्णय कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में लिए जाने पर सहमति बनी, ताकि सदन के भाव के अनुरूप चर्चा के विषय निर्धारित किए जा सकें।

बैठक में ये लोग रहे मौजूद
संसदीय कार्यमंत्री ने बैठक में अनुपूरक बजट पर चर्चा के समय को विस्तृत करने की भी बात कही, ताकि सदस्यों को विभिन्न मुद्दों पर बात करने का पर्याप्त समय मिल सके। बैठक में सीएम हेमंत सोरेन, वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, प्रदीप यादव, सदस्य, सुरेश पासवान, सदस्य, अरूप चटर्जी, सदस्य, जनार्दन पासवान, सदस्य, लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास), निर्मल महतो, आजसू पार्टी, जयराम महतो, सदस्य, तथा झारखंड विधानसभा के प्रभारी सचिव रंजीत कुमार बैठक में उपस्थित रहे।
