रांची
झारखण्ड के कृषि इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। झारखण्ड स्टेट लाईवलीहुड प्रोमोशन सोसाइटी के प्रयासों से देवघर और गुमला जिले की महिला किसान उत्पादक संगठनों द्वारा उपजाया गया आम्रपाली आम अब दुबई के प्रतिष्ठित 'Lulu Retail Stores' की शोभा बढ़ा रहा है। 'पलाश' ब्रांड के तहत घरेलू बाजारों में धूम मचाने के बाद, यह पहली बार है जब यहां के आमों की खेप अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंची है। यह कदम न सिर्फ राज्य के कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान दिला रहा है, बल्कि ग्रामीण महिला उद्यमिता और उनकी आय को दोगुना करने की दिशा में एक मील का पत्थर साबित हो रहा है।
वैश्विक बाजार में झारखंडी आम का जलवा
देवघर एवं गुमला से निर्यात किए गए आम्रपाली आम अब दुबई के Lulu Retail Stores में बिक्री के लिए उपलब्ध हैं। जेएसएलपीएस से जुड़े महिला किसान उत्पादक संगठनों को अंतरराष्ट्रीय बाजार मिला है। 'पलाश' ब्रांड के माध्यम से राज्यभर में आमों की सफल मार्केटिंग के बाद अब वैश्विक बाजार तक पहुंच बनी है। यह महिला किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण उद्यमिता को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।