द फॉलोअप डेस्क:
Corruption Case: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (ACB) ने आय से अधिक संपत्ति अर्जित (Disproportionate Assets) करने के मामले में जलपथ प्रमंडल, चक्रधरपुर के तत्कालीन कार्यपालक अभियंता शैलेन्द्र कुमार मंडल (Shailendra Kumar Mandal) को गिरफ्तार किया है। 69 वर्षीय मंडल को 18 नवंबर 2026 को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद एसीबी की टीम ने उन्हें न्यायालय में पेश किया। उनके खिलाफ वर्ष 2019 से ही आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने के आरोपों की जांच चल रही थी।

2019 में दर्ज हुई थी प्राथमिकी
मिली जानकारी के अनुसार, शैलेन्द्र कुमार मंडल के खिलाफ 12 जुलाई 2019 को एसीबी थाना, जमशेदपुर में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। उस समय वह जलपथ प्रमंडल, चक्रधरपुर में कार्यपालक अभियंता के पद पर तैनात थे। उन पर अपनी ज्ञात आय से अधिक संपत्ति जुटाने का आरोप था। इस मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत जांच शुरू की गई थी। करीब सात साल तक चली जांच के बाद एसीबी ने आरोपों को सही पाया। इसके बाद 18 नवंबर 2026 को उनकी गिरफ्तारी की गई।

भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई
इस मामले में एसीबी ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 की धारा 13(2) और धारा 13(1)(ई) के तहत प्राथमिकी दर्ज की थी। वर्ष 2018 में अधिनियम में हुए संशोधन के बाद संबंधित प्रावधानों का भी मामले में उल्लेख किया गया है। शैलेन्द्र कुमार मंडल की गिरफ्तारी के साथ ही चक्रधरपुर जलपथ प्रमंडल में उनके कार्यकाल के दौरान अर्जित संपत्ति से जुड़े मामले में कार्रवाई आगे बढ़ी है। हालांकि, एसीबी ने अब तक कथित अनुपातहीन संपत्ति की कुल राशि और उससे जुड़ी संपत्तियों का विस्तृत ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया है।