द फॉलोअप डेस्क
जेएलकेएम नेता पानेश्वर महतो का मंगलवार देर रात रामगढ़ थाना क्षेत्र के कैथा-गोबरदरहा चौक के पास से अपहरण कर लिया गया। जानकारी के अनुसार, रात करीब 10 बजे काले रंग की बोलेरो से पहुंचे कुछ लोगों ने खुद को कुजू ओपी का पुलिसकर्मी बताते हुए पानेश्वर महतो को जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया। इसके बाद उन्हें नेशनल हाईवे के फोरलेन रास्ते से हजारीबाग की ओर ले जाया गया। घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ पुलिस ने रातभर छापामारी अभियान चलाया। रामगढ़ पुलिस ने बुधवार सुबह पानेश्वर महतो को हजारीबाग से सकुशल बरामद कर लिया। रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लूणायत ने इसकी पुष्टि की है। बरामदगी के बाद पुलिस हजारीबाग सदर अस्पताल में उनका मेडिकल करा रही है। खुद को कुजू पुलिसकर्मी बताकर उन्हें अपने साथ ले जाने वाले लोग कौन थे और अपहरण के पीछे उनका मकसद क्या था, इसकी जांच की जा रही है। एसपी ने बताया कि पूरे घटनाक्रम की जांच जारी है।
