द फॉलोअप डेस्क
सोशल मीडिया पर इन दिनों जपला क्षेत्र से एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक शिक्षक बच्चों की बेरहमी से पिटाई करते हुए दिखाई दे रहा है। वीडियो सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है और मामले को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह कोई नया मामला नहीं है, बल्कि वर्ष 2022 की घटना का वीडियो है, जिस पर उस समय ही कानूनी कार्रवाई की जा चुकी है। पलामू पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, वायरल वीडियो की जांच पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कराई गई। जांच में पाया गया कि वीडियो वर्ष 2022 की घटना से संबंधित है। वीडियो में दिखाई दे रहा शिक्षक शिशु शिक्षा निकेतन स्कूल, रेहला का शिक्षक कृष्णेश्वर कश्यप है। वीडियो में शिक्षक द्वारा एक छात्र की पिटाई किए जाने का मामला सामने आया था।

आरोपी शिक्षक की हो चुकी है गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार, इस मामले में हुसैनाबाद महिला थाना कांड संख्या-12/2022, दिनांक 30 अगस्त 2022 के तहत भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और जेजे एक्ट के प्रावधानों के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की जांच के दौरान आरोपी शिक्षक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया था। पुलिस ने उस समय आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी की थी।

अफवाहों से बचने की अपील
पलामू पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे किसी भी वीडियो या खबर को साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें। पुलिस ने कहा है कि वर्तमान में प्रसारित हो रहा यह वीडियो पुराना है और इस मामले में पहले ही कार्रवाई की जा चुकी है। लोगों से भ्रामक और अपुष्ट सूचनाओं के प्रसार से बचने की अपील की गई है।