बोकारो
पटना-रांची जनशताब्दी एक्सप्रेस के बोकारो रेलवे स्टेशन पहुंचते ही शनिवार को सनसनी फैल गई। ट्रेन के इंजन के अगले हिस्से से तेज दुर्गंध आने पर आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने जांच शुरू की। तलाशी के दौरान इंजन के आगे कैटल गार्ड के समीप बने एक हॉल के अंदर से करीब 50 वर्षीय महिला का कटा हुआ सिर बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही बोकारो आरपीएफ और जीआरपी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। आरपीएफ की मौजूदगी में कटा हुआ सिर बाहर निकाला गया। इसके बाद जीआरपी ने पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर उसे अपने कब्जे में ले लिया। महिला की पहचान फिलहाल नहीं हो सकी है।
.jpeg)
मामूली जांच के बाद ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया
जानकारी के अनुसार, जनशताब्दी एक्सप्रेस में गोमो स्टेशन पर चालक बदला जाता है। इसी दौरान ट्रेन के इंजन के अगले हिस्से से दुर्गंध महसूस हुई थी। शुरुआती तौर पर आशंका जताई गई कि इंजन के किसी हिस्से में चूहा मरा हो सकता है। इस वजह से वहां मामूली जांच के बाद ट्रेन को आगे रवाना कर दिया गया। ट्रेन के चंद्रपुरा स्टेशन तक पहुंचने के दौरान दुर्गंध और बढ़ गई। इसके बाद बोकारो रेलवे स्टेशन पहुंचने पर ट्रेन की गहन जांच की गई। जांच के दौरान इंजन के आगे कैटल गार्ड के पास स्थित हॉल में कटा हुआ सिर दिखाई दिया। स्टेशन प्रबंधक संतोष कुमार नायक ने बताया कि ट्रेन सुबह 11:35 बजे प्लेटफार्म नंबर दो पर पहुंची थी। सिग्नल देने के बाद ट्रेन के पायलट ने वॉकी-टॉकी के माध्यम से कंट्रोल को सूचना दी कि इंजन के आगे एक कटा हुआ सिर दिखाई दे रहा है। इसके बाद आरपीएफ और जीआरपी को सूचना देकर जांच कराई गई।

दुर्गंध की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम पहुंची
आरपीएफ ओसी संतोष कुमार ने बताया कि जनशताब्दी एक्सप्रेस में दुर्गंध की सूचना मिलने के बाद आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुंची। काफी खोजबीन के बाद इंजन के आगे कैटल गार्ड के समीप एक हॉल के अंदर से करीब 50 वर्षीय महिला का कटा हुआ सिर बरामद किया गया। जीआरपी ने शव के हिस्से को कब्जे में लेकर आवश्यक प्रक्रिया शुरू कर दी है। महिला की पहचान और सिर ट्रेन के इंजन तक कैसे पहुंचा, इसकी जांच की जा रही है। घटना को लेकर रेलवे पुलिस विभिन्न पहलुओं की जांच में जुटी है।
हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें