द फॉलोअप डेस्क
पद्मश्री जमुना टुडू एक बार फिर से चर्चा में है। जंगलों की रक्षा में खुद समर्पित करने और लेडी टार्जन कही जाने वाली जमुना टुडू को राष्ट्रपति भवन में डिनर का न्योता मिला है। यह अवसर जमुना टुडू को पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में उनके समर्पण और अद्वितीय योगदान के लिए मिला है। 
जमुना टुडू इस साल के स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले रात्रिभोज में भाग लेंगी। यह निमंत्रण पत्र उन्हें नई दिल्ली से विशेष प्रेषण के जरिए मिला है। पत्र में यह उल्लेख किया गया है कि जमुना टुडू को 15 अगस्त की शाम 6 बजे इस विशेष आयोजन में उपस्थित होना है। 
बता दें कि जमुना टुडू एक समय पर दिहाड़ी मजदूर का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती थी। वहीं उनके पति राजमिस्त्री का काम करते थे। लेकिन कुछ कठिनाइयों का सामना करते हुए जमुना टुडू ने पर्यावरण की रक्षा को अपना उद्देश्य बना लिया। और इस दौरान पेड़ काटने वालों को रोकती, जागरूकता अभियान भी चलाती। इस दौरान इन्होंने कई महिलाओं को भी जोड़ा और उन्हें जागरूक किया। जिसके बाद 2017 में इस कार्य के लिए पद्मश्री से सम्मानित किया गया और अब इसी बेहतर काम ने उन्हें राष्ट्रपति के साथ डिनर का अवसर दिया है।