जामताड़ा
जामताड़ा जिले की दिबासी हेंब्रम ने थाईलैंड में आयोजित अंतरराष्ट्रीय राइफल शूटिंग एयरगन प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर देश और झारखंड का नाम रोशन किया है. कुंडहित प्रखंड की रहने वाली दिबासी हेंब्रम ने इस प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम किया. वे भारतीय दल की ओर से इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल थीं, जिसमें 4 से 7 मई 2026 तक विभिन्न देशों के खिलाड़ियों ने भाग लिया. दिबासी की इस उपलब्धि की नींव जनवरी 2026 में गोवा में आयोजित राष्ट्रीय राइफल शूटिंग प्रतियोगिता में पड़ी थी, जहां उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर भारतीय टीम में अपनी जगह पक्की की थी. इसके बाद लगातार चार से पांच महीने के कठिन प्रशिक्षण और समर्पण के बाद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर यह बड़ी सफलता हासिल की. जामताड़ा जिला ओलंपिक संघ के सीनियर वाइसप्रेसिडेंट दीपक दुबे ने बताया कि दिबासी उस 14 सदस्यीय भारतीय दल का हिस्सा थीं, जिसने थाईलैंड में भारत का प्रतिनिधित्व किया.

आज जामताड़ा में होगा दिबासी हेंब्रम का भव्य स्वागत
इस ऐतिहासिक उपलब्धि से पूरे जामताड़ा जिले में खुशी की लहर है. सोशल मीडिया से लेकर खेल जगत तक उनकी चर्चा हो रही है. दिबासी हेंब्रम रविवार दोपहर जामताड़ा पहुंचेंगी, जहां खेल प्रेमियों द्वारा उनका भव्य स्वागत किया जाएगा. उनकी इस जीत को क्षेत्र की अन्य बेटियों के लिए प्रेरणा माना जा रहा है. सीमित संसाधनों के बावजूद अंतरराष्ट्रीय मंच पर स्वर्ण पदक जीतकर उन्होंने यह साबित किया है कि समर्पण और मेहनत से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है.
