जामताड़ा
जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत चरकीपहाड़ी गांव में बुधवार सुबह दो गुटों के बीच हुए आपसी विवाद ने खूनी रूप ले लिया था। इस हिंसक झड़प में एक महिला, सावित्री देवी की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग अमृत पोद्दार और नरेश पोद्दार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद से पूरे गांव में मातम और तनाव का माहौल है। जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह सावित्री देवी चाय लेकर अपने खेत की ओर जा रही थीं। इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे बजरंगी पोद्दार और उनके परिवार के सदस्यों ने सोची-समझी साजिश के तहत उन पर लाठी और धारदार हथियारों से जानलेवा हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब परिजन और ग्रामीण उन्हें बचाने दौड़े, तो आरोपियों ने अमृत पोद्दार और नरेश पोद्दार के सिर पर भी लाठी से वार कर उन्हें लहूलुहान कर दिया। सभी घायलों को तुरंत करमाटांड़ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें जामताड़ा सदर अस्पताल और फिर वहां से बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर किया गया।

प्रशासन की मौजूदगी में मृतका का अंतिम संस्कार
धनबाद ले जाने के क्रम में ही सावित्री देवी ने दम तोड़ दिया और डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। गुरुवार सुबह शव गांव पहुंचने पर परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। सभी नामजद आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी की मांग को लेकर लोगों ने घंटों तक जमकर प्रदर्शन किया। उग्र भीड़ ने आरोपियों के घरों और दुकानों को तोड़ने का भी प्रयास किया। हालांकि, रात से ही गांव में कैंप कर रही पुलिस और प्रशासनिक टीम ने स्थिति को संभाला। थाना प्रभारी अलखनाथ चौबे, अंचल अधिकारी चोनाराम हेंब्रम, पुलिस निरीक्षक रविंद्र नाथ यादव और एसआई मुकेश कुमार भोक्ता ने आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया और जल्द ही शेष बचे आरोपियों को गिरफ्तार करने का ठोस आश्वासन दिया। प्रशासन की मौजूदगी में ही मृतका का अंतिम संस्कार संपन्न कराया जा सका।
.jpg)
फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी
मृतक के परिजन जयप्रकाश पोद्दार के लिखित आवेदन पर करमाटांड़ थाना में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने षड्यंत्र रचकर हत्या करने का मुकदमा दर्ज किया है। प्राथमिकी में बजरंगी पोद्दार, राजू पोद्दार, गेंदो पोद्दार सहित कुल 10 लोगों को नामजद किया गया है। थाना प्रभारी अलकनाथ चौबे ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल से ही मुख्य आरोपी बजरंगी पोद्दार, उनकी पत्नी पूजा देवी, माता उषा देवी और मौसी सुमित्रा देवी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जामताड़ा जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपियों के घर से लाठी, डंडा, फरसा, तलवार, लोहे की रॉड, सबल और फारसी जैसे दर्जनों हथियार जब्त किए हैं। फिलहाल आरोपी के घर पर ताला लटका हुआ है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।