logo

जामताड़ा में चौकीदार की बहाली जल्द, हाईकोर्ट के आदेश पर दस्तावेज सत्यापन की तैयारी तेज

Screenshot_2026-09-01_112316.jpg

जामताड़ा:
जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार की अध्यक्षता में कार्यालय प्रकोष्ठ में जिला चौकीदार नियुक्ति समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जामताड़ा जिले के अंतर्गत चौकीदार सीधी भर्ती के विज्ञापन संख्या 01/2025 को लेकर विभिन्न पहलुओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
भर्ती परीक्षा का परिणाम और मेधा सूची पहले ही जारी
समीक्षा के दौरान अधिकारियों ने बताया कि भर्ती परीक्षा का परिणाम और मेधा सूची पहले ही जारी की जा चुकी है। हालांकि, अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कार्य शेष था, जो मामला माननीय न्यायालय में चले जाने के कारण बीच में ही लंबित हो गया था।
 

हाईकोर्ट के आदेश के बाद प्रक्रिया में तेजी के निर्देश
उपायुक्त आलोक कुमार ने माननीय उच्च न्यायालय, झारखंड (रांची) द्वारा पारित न्यायादेश के आलोक में सभी आवश्यक बिंदुओं पर विस्तार से विचार-विमर्श किया। उन्होंने पूर्व के दिशा-निर्देशों और अदालती आदेशों का कड़ाई से अनुपालन करते हुए नियुक्ति प्रक्रिया को नियमानुसार शीघ्र पूर्ण करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के सख्त निर्देश दिए।
दस्तावेज सत्यापन की सूचना समाचार पत्रों में होगी प्रकाशित
प्रक्रिया में पारदर्शिता और गति लाने के लिए उपायुक्त ने निर्देश दिया कि सफल अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन की सूचना स्थानीय समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित की जाए। साथ ही, सभी संबंधित जानकारी को जिले की आधिकारिक वेबसाइट Jamtara.nic.in पर तुरंत अपलोड करने का निर्देश दिया गया।


 

मेधा सूची के आधार पर होगा बीट निर्धारण
उपायुक्त ने मेधा सूची के अनुसार अभ्यर्थियों के बीट निर्धारण की प्रक्रिया को भी नियमानुसार पूरा करने का निर्देश दिया। संबंधित अधिकारियों को सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित नियमों और न्यायालय के आदेशों के अनुरूप पूरा करने को कहा गया।
 

लंबे समय से अटकी नियुक्ति प्रक्रिया जल्द होगी पूरी
बैठक के बाद जामताड़ा में लंबे समय से अटकी चौकीदार नियुक्ति प्रक्रिया के जल्द संपन्न होने का रास्ता साफ हो गया है। इससे चयनित अभ्यर्थियों में भी नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने की उम्मीद जगी है।

Tags - Jamtara Recruitment Chowkidar Vacancy Jharkhand Jobs Government Recruitment Jamtara News