logo

तेज रफ्तार ट्रेलर ने ट्रैक्टर में मारी टक्कर, एक मजदूर की मौत; मुआवजे की मांग को लेकर 4 घंटे तक हाईवे जाम

jamtara10.jpg

जामताड़ा/झारखंड
जामताड़ा थाना क्षेत्र के बासनली मोड़ पर गुरुवार रात एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने ट्रैक्टर में जोरदार टक्कर मार दी। इसमें ट्रैक्टर में बैठे एक मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा करीब रात 10 बजे हुआ। घटना गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग का है। गुस्साए ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर 4 घंटे तक हाईवे को जाम रखा।

मुआवजे की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया सड़क जाम
जानकारी के अनुसार,  दुमका से गोविंदपुर की ओर जा रहे ट्रेलर (WB 23 E 3439) ने टायर ठीक कराकर लौट रहे ट्रैक्टर को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतना भीषण था कि ट्रैक्टर पर सवार एक मजदूर पहिए के नीचे आ गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान 35 वर्षीय उमेश महतो के रुप में हुई है। घटना के तुरंत बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। हादसे के बाद परिजनों में चीख-पुकार मच गई। हादसे से आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे और दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोविंदपुर-साहिबगंज मुख्य मार्ग को करीब चार घंटे तक जाम रखा। सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो, जिला नियंत्रण कक्ष की क्यूआरटी-02 और सीसीआर क्यूआरटी टीम मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया। उसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
 

तीन बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
मृतक उमेश महतो अपने पीछे दो बेटे और एक बेटी समेत तीन मासूम बच्चों को छोड़ गए हैं। हादसे के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में शोक का माहौल है। वहीं इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण और सड़क सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग उठाई है। साथ ही फतेहपुर से नारायणपुर के करमदहा मोड़ तक करीब 50 किलोमीटर के दायरे में ट्रॉमा सेंटर नहीं होने पर भी सवाल खड़े हैं।

Tags - Jamtara road accident Jamtara trailer accident Tractor trailer collision