logo

जामताड़ा में 2 अगस्त को गूंजेगा पंजा कुश्ती का रोमांच, चतुर्थ राज्य स्तरीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता के लिए तैयार मंच

jam30.jpg

जामताड़ा
शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान स्थित जामताड़ा क्लब के प्रांगण में आगामी 2 अगस्त (रविवार) को 'चतुर्थ झारखंड राज्य आर्म रेसलिंग (पंजा कुश्ती) प्रतियोगिता 2026' का भव्य आयोजन होने जा रहा है। इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता को लेकर खेल प्रेमियों और खिलाड़ियों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
इस आयोजन की विस्तृत जानकारी देते हुए आर्म रेसलिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड के महासचिव दीपक दुबे ने राज्य कार्यालय में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह प्रतियोगिता आर्म रेसलिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड के निर्देशानुसार तथा जामताड़ा जिला आर्म रेसलिंग एसोसिएशन के तत्वाधान में आयोजित की जा रही है। आयोजन समिति ने प्रतियोगिता से जुड़ी सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

200 से अधिक खिलाड़ी दिखाएंगे ताकत

महासचिव दीपक दुबे ने बताया कि इस एकदिवसीय प्रतियोगिता में झारखंड राज्य के विभिन्न 12 जिलों से लगभग 200 महिला एवं पुरुष खिलाड़ियों के भाग लेने की संभावना है। प्रतियोगिता के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा साबित करने का बेहतरीन अवसर मिलेगा।
यह प्रतियोगिता खिलाड़ियों के लिए बेहद खास है क्योंकि इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले चयनित खिलाड़ी आगामी 2 से 4 अक्टूबर तक जम्मू-कश्मीर में आयोजित होने वाली 48वीं राष्ट्रीय आर्म रेसलिंग प्रतियोगिता में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।

पुलिस कप्तान करेंगे उद्घाटन, पोस्टर लॉन्च

प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन जिले के पुलिस कप्तान (SP) शंभू कुमार सिंह के कर-कमलों द्वारा किया जाएगा। आयोजन को लेकर एसोसिएशन के बैनर तले एक आधिकारिक पोस्टर भी लॉन्च किया गया। इस मौके पर डॉ. भास्कर चांद, सूरज कुमार पासवान, राहुल सिंह, राहुल यादव और सोमनाथ दत्ता सहित एसोसिएशन के कई गणमान्य पदाधिकारी मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

Tags - Arm Wrestling Jamtara Jharkhand Sports State Championship Deepak Dubey