logo

जामताड़ा में सोशल मीडिया पोस्ट पर बढ़ा तनाव, भीड़ ने घर घेरा; पुलिस की गाड़ी पर पथराव

WhatsApp_Image_2026-08-23_at_8_39_41_AM.jpeg

जामताड़ा 
जामताड़ा जिले के कर्माटांड़ थाना क्षेत्र स्थित थानारडीह गांव में शनिवार देर शाम सोशल मीडिया पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। घटना के बाद आक्रोशित भीड़ ने युवक भूदेव महतो के घर को घेर लिया और तोड़फोड़ की। मौके पर पहुंची पुलिस टीम के साथ भी भीड़ की तीखी नोकझोंक हुई और पुलिस वाहनों पर पथराव किया गया।
कुरूबा हटिया से शुरू हुआ विवाद
मामले की शुरुआत 21 अगस्त को कर्माटांड़ थाना क्षेत्र के कुरूबा साप्ताहिक हटिया से हुई थी। वहां एक 50 वर्षीय मुस्लिम व्यक्ति द्वारा हिंदू देवी-देवताओं के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने का आरोप लगा था। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विभिन्न हिंदू संगठनों ने कर्माटांड़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
वायरल वीडियो पर दूसरी टिप्पणी से फिर विवाद
इसी घटनाक्रम के बीच भूदेव महतो नामक युवक पर वायरल वीडियो को लेकर दूसरे समुदाय के संबंध में विवादित टिप्पणी करने का आरोप लगा। शनिवार देर शाम इसकी जानकारी फैलते ही बड़ी संख्या में लोग थानारडीह गांव पहुंच गए और भूदेव महतो के मकान को घेर लिया।
भीड़ ने घर में की तोड़फोड़, पुलिस पर पथराव
देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई। आक्रोशित भीड़ ने भूदेव महतो के घर के बड़े हिस्से में तोड़फोड़ शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ के उग्र होने के कारण पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की हुई। इस दौरान पुलिस वाहनों पर भी पथराव किया गया, जिसमें एक पेट्रोलिंग गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
तीन घंटे बाद हालात पर पाया गया काबू
करीब तीन घंटे तक चले हंगामे के बाद जामताड़ा के एसडीओ अनंत कुमार, एसडीपीओ वसीम राजा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों की मशक्कत के बाद स्थिति को नियंत्रित किया गया। पुलिस ने कड़ी सुरक्षा के बीच भूदेव महतो को भीड़ के चंगुल से निकालकर सुरक्षित थाने पहुंचाया।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
एसडीपीओ वसीम राजा ने बताया कि फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। एहतियात के तौर पर थानारडीह गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। जामताड़ा जिला पुलिस के अलावा पड़ोसी जिले दुमका से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर गांव में तैनाती की गई है। उन्होंने पुष्टि की कि घटना के दौरान पुलिस की एक पेट्रोलिंग गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हुई है।
तनाव को देखते हुए मीडिया की आवाजाही पर रोक
रात के समय तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए किसी भी अज्ञात व्यक्ति और मीडियाकर्मी को तस्वीरें या वीडियो बनाने से रोका गया था। बाद में जिला प्रशासन के वरीय अधिकारियों के मौके पर पहुंचने के बाद मीडियाकर्मियों को तस्वीरें और वीडियो बनाने की अनुमति दी गई।
 

Tags - Jamtara NewsKarmatar Police StationJamtara TensionJharkhand PoliceJamtara Stone Pelting