जामताड़ा
जामताड़ा जिले के फतेहपुर प्रखंड क्षेत्र के पवन मोड़ से लकड़तांगा तक जाने वाली मुख्य सड़क लगातार हो रही बारिश के कारण तबेले और तालाब में तब्दील हो चुकी है। पूरी सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे उभर आए हैं, जिनमें पानी भर जाने से यह पूरी तरह कीचड़ से लथपथ हो गई है। बदहाली का आलम यह है कि इस मार्ग पर ई-रिक्शा, बाइक और अन्य छोटे वाहनों का परिचालन बेहद खतरनाक हो गया है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों को रोज नारकीय स्थिति का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि देश की आजादी के बाद भी आज तक इस सड़क का पक्कीकरण नहीं हो सका है। क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों से कई बार सड़क निर्माण की गुहार लगाई गई, लेकिन हर बार ग्रामीणों को सिर्फ आश्वासन ही मिला, कोई स्थायी समाधान नहीं निकला।
.jpg)
आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस भी समय पर नहीं पहुंच पाती
यह सड़क क्षेत्र के कई गांवों को आपस में जोड़ने वाला एक प्रमुख संपर्क मार्ग है। सड़क की इस दुर्दशा का सबसे बुरा असर तलपोखरिया स्कूल के छात्र-छात्राओं पर पड़ रहा है। मासूम बच्चों को हर दिन इसी कीचड़ और जलभराव वाले रास्ते के बीच से होकर स्कूल जाना पड़ता है। इसके अलावा, सड़क खराब होने के कारण गांव में आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस भी समय पर नहीं पहुंच पाती हैं, जिससे मरीजों की जान पर बन आती है। हाल ही में सड़क के जानलेवा गड्ढों के कारण लोगों से भरा एक ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलटने से बाल-बाल बच गया। हालांकि, इस घटना में किसी भी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई और एक बड़ा हादसा टल गया, लेकिन इस घटना ने ग्रामीणों के डर और चिंता को और बढ़ा दिया है।

विभाग कुंभकर्णी नींद में सोया
ग्रामीणों ने बताया कि बीते 02 जून को पूजन मंडल और हरिनारायण रूज़ के नेतृत्व में जामताड़ा के उपायुक्त (DC) को लिखित आवेदन सौंपा गया था। इसमें पवन मोड़ से लकड़तांगा तक सड़क पर तत्काल स्टोन डस्ट (गिट्टी का चूरा) डलवाकर अस्थायी मरम्मत की मांग की गई थी। लेकिन एक महीने से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी विभाग कुंभकर्णी नींद में सोया है और अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और संबंधित विभाग से चेतावनी भरे लहजे में मांग की है कि किसी बड़े हादसे का इंतजार किए बिना अविलंब सड़क का पक्कीकरण कराया जाए और फिलहाल आवागमन सुचारु करने के लिए तुरंत मरम्मत कार्य शुरू किया जाए।