द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र के गोरायनाला गांव में सार्वजनिक संपत्तियों पर कब्जे और तोड़फोड़ को लेकर उपजा विवाद अब थाने तक पहुंच गया है। मिली जानकारी के अनुसार, गांव के ही कुछ दबंगों द्वारा मंदिर परिसर में स्थित सार्वजनिक चापाकल की घेराबंदी की जा रही है और वर्षों पुराने सार्वजनिक क्लब में तोड़फोड़ की गई है। भीषण गर्मी की दस्तक के बीच पेयजल के मुख्य स्रोत यानी चापाकल को निजी कब्जे में लेने के प्रयास से ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंदिर जैसे सार्वजनिक स्थान पर लगे चापाकल को घेरना न केवल गलत है, बल्कि यह प्यासे ग्रामीणों के अधिकारों का हनन भी है।
.jpeg)
इसके साथ ही, गांव के सामाजिक कार्यों के केंद्र 'सार्वजनिक क्लब' में की गई तोड़फोड़ ने आग में घी डालने का काम किया है। ग्रामीणों का कहना है कि कुछ लोग बेवजह विवाद पैदा कर शांति भंग करने की कोशिश कर रहे हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीणों ने मिहिजाम थाना में शिकायत दर्ज कराई है। इस संबंध में थाना प्रभारी विवेकानंद दुबे ने बताया कि पुलिस को मामले की जानकारी मिल चुकी है। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वस्त किया है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही कानून सम्मत तरीके से इसका समाधान निकाल लिया जाएगा।
.jpeg)