जामताड़ा:
जामताड़ा थाना क्षेत्र के सहारपुरा गांव में अपहरण के प्रयास और हत्या की कोशिश के मामले में फरार चल रहे आरोपी सफाउल अंसारी के घर बुधवार को पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर इश्तहार (उद्घोषणा) चस्पा किया। पुलिस टीम ढोल-नगाड़े के साथ आरोपी के घर पहुंची और ग्रामीणों की मौजूदगी में न्यायालय द्वारा जारी उद्घोषणा को सार्वजनिक रूप से चस्पा किया। इस दौरान मुखिया समेत बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण मौजूद रहे। पुलिस ने ग्रामीणों को आरोपी के खिलाफ जारी न्यायालयी कार्रवाई की जानकारी भी दी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

क्या है पूरा मामला?
घटना 11 फरवरी 2026 की है। प्राथमिकी के अनुसार, नारायणपुर थाना क्षेत्र के शहरजोरी निवासी आयशा परवीन जामताड़ा थाना से काम निपटाकर वापस लौट रही थीं। इसी दौरान पोसोई मोड़ के पास कुछ लोगों ने उनका ऑटो रुकवाया और मारपीट करने लगे। आरोपियों पर आरोप है कि उन्होंने महिला के दुपट्टे से उसका गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। जब युवती की मां उसे बचाने पहुंचीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद युवती को जबरन बोलेरो गाड़ी में बिठाकर ले जाने का प्रयास किया गया। शोर सुनकर आसपास के दुकानदारों और राहगीरों ने बीच-बचाव कर दोनों को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया।
.jpeg)
चार लोगों पर दर्ज है प्राथमिकी
पीड़िता आयशा परवीन के आवेदन पर जामताड़ा थाना में कांड संख्या 18/2026 के तहत मामला दर्ज किया गया। इसमें सकीम अंसारी, सफाउल अंसारी, मुबारक अंसारी और गुलाम अंसारी को नामजद आरोपी बनाया गया है। पुलिस ने BNS की धारा 115(2), 126(2), 87, 62 एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। इस मामले का अनुसंधान एएसआई संतोष गोस्वामी कर रहे हैं।
.jpeg)
28 सितंबर तक कोर्ट में हाजिर होने का निर्देश
गिरफ्तारी वारंट जारी होने के बाद भी आरोपी सफाउल अंसारी लगातार फरार चल रहा है। इस पर संज्ञान लेते हुए जामताड़ा के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (CJM) की अदालत ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 84 के तहत उद्घोषणा पत्र जारी किया है। कोर्ट ने आरोपी को 28 सितंबर 2026 तक अदालत के समक्ष उपस्थित होने का कड़ा निर्देश दिया है। इसी आदेश के अनुपालन में एएसआई संतोष गोस्वामी ने पुलिस बल के साथ आरोपी के घर पर इश्तहार चिपकाया और आसपास के लोगों को कोर्ट के आदेश से अवगत कराया।