logo

जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 37 पेटी विदेशी शराब के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

जामताड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 37 पेटी विदेशी शराब के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार

द फॉलोअप, जामताड़ा:

Jharkhand News: जामताड़ा जिले में अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ पुलिस (Jamtara Police) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 37 पेटी विदेशी शराब की कुल 434 बोतलें बरामद की हैं। शराब की तस्करी (Liquor Smuggling) में इस्तेमाल की जा रही एक स्कॉर्पियो और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। इसके अलावा आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन और कुल 26,100 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर को जामताड़ा के पुलिस अधीक्षक (Jamtara sp) को प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने महेशमुंडा चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया। इसी दौरान बंगाल की ओर से आ रही स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान वाहन से 750 एमएल की विभिन्न ब्रांडों की कुल 434 बोतल विदेशी शराब बरामद हुई।

शराब के साथ स्कॉर्पियो जब्त

इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में अमित कुमार, पिता चौड़ासी मंडल, निवासी मकदुमा रतनपुर, थाना अमरपुर, जिला बांका (बिहार), चंदन कुमार, पिता महेश्वर प्रसाद मंडल, निवासी दुबौनी, थाना अमरपुर, जिला बांका (बिहार) तथा दयामय मंडल, पिता अनिल मंडल, निवासी बागदाहा, जिला देवघर शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, अमित कुमार स्कॉर्पियो में सवार था, जबकि चंदन कुमार भी उसके साथ था। वहीं, दयामय मंडल मोटरसाइकिल चला रहा था। तीनों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पांच मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस ने शराब के साथ स्कॉर्पियो को जब्त कर लिया। जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल को भी जब्त किया गया। इसके अलावा दो नंबर प्लेट भी बरामद किए गए। 

नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग जांच का विषय

इस छापेमारी अभियान में नाला थाना प्रभारी विकास यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम शामिल थी। टीम में एसआई निताय कुमार दास, एसआई बलराम दुबे, एएसआई कालीश्वर दुबे, एएसआई रंजीत कुमार, एएसआई श्रीनाथ सोरेन, एएसआई शिव शंकर पांडेय तथा चौकीदार अक्षय मांझी शामिल थे। पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। बंगाल से शराब लाकर इसकी आपूर्ति कहां की जानी थी और इस तस्करी के नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं, यह जांच का विषय है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

Tags - Jamtara Police Illegal Liquor Smuggling Jamtara News Jharkhand News Police Action Liquor Seized