logo

जामताड़ा : घर में सो रहे व्यक्ति को करैत सांप ने डसा, इलाज के दौरान मौत

WhatsApp_Image_2026-05-24_at_8_00_05_PM.jpeg

जामताड़ा
सदर प्रखंड के दलबेलिया गांव में एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां घर में सो रहे एक 45 वर्षीय व्यक्ति की जहरीले सांप के काटने से मौत हो गई। मृतक की पहचान महादेव राय (पिता: कीर्तन राय) के रूप में हुई है।
चौकी पर सोते समय सांप ने डसा
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि महादेव राय रात करीब 11 बजे अपने कमरे में चौकी पर सो रहे थे। इसी दौरान एक अत्यंत जहरीले 'चीती सांप' (करैत) ने उनके कान के पास डस लिया। कुछ देर बाद जब उन्हें असहजता महसूस हुई और सांप काटने का अहसास हुआ, तो परिजनों में हड़कंप मच गया।


इलाज के दौरान तोड़ा दम
परिजन आनन-फानन में उन्हें जामताड़ा सदर अस्पताल ले गए। वहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी नाजुक स्थिति को देखते हुए उन्हें धनबाद रेफर कर दिया। धनबाद के सरकारी अस्पताल (एसएनएमएमसीएच) में भी हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें आगे रेफर कर दिया। इसके बाद परिजन उन्हें धनबाद के ही एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन दुर्भाग्यवश रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
आर्थिक मदद की मांग
इस आकस्मिक घटना से पीड़ित परिवार में कोहराम मच गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर है। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने जिला प्रशासन व राज्य सरकार से पीड़ित परिवार के लिए उचित मुआवजे और तत्काल आर्थिक सहायता की मांग की है।

Tags - Jamtara News Snake Bite Death Dalbelia Village Jharkhand Crime and Incident Victim Compensation Demand