जामताड़ा
जामताड़ा नगर पंचायत ने स्थानीय निवासियों को स्वास्थ्य सुविधाओं के क्षेत्र में एक बड़ी राहत दी है। अक्सर मरीजों को खटिया, ट्रैक्टर या डोली के सहारे अस्पताल ले जाने की विवशता और सरकारी एम्बुलेंस की लतीफी को देखते हुए नगर पंचायत ने एक सराहनीय कदम उठाया है। नगर पंचायत अध्यक्ष आशा गुप्ता के विशेष प्रयासों से क्षेत्र के लोगों के लिए दो नई निशुल्क एम्बुलेंस सेवाओं की शुरुआत की गई है। इसका उद्घाटन अध्यक्ष आशा गुप्ता एवं नगर के सभी वार्ड पार्षदों द्वारा दुमका रोड स्थित शिव मंदिर के समीप हरी झंडी दिखाकर किया गया।
30 किलोमीटर के दायरे में मिलेगी मुफ्त सेवा
इस अवसर पर जानकारी देते हुए बताया गया कि ये दोनों एम्बुलेंस जामताड़ा और आसपास के 30 किलोमीटर के दायरे में रहने वाले लोगों को पूरी तरह से निशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। उद्घाटन के दौरान नगर अध्यक्ष आशा गुप्ता ने कहा कि उन्होंने जनता से जो वादा किया था, उसी के मुताबिक प्रथम चरण में इन दो निशुल्क एम्बुलेंसों का शुभारंभ किया गया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले दिनों में नगर वासियों की सुविधा के लिए एम्बुलेंस की संख्या और बढ़ाई जाएगी। साथ ही, शिक्षा और स्वास्थ्य सहित विभिन्न प्रकार की अन्य नागरिक सुविधाएं भी चरणबद्ध तरीके से प्रदान की जाएंगी। 
एम्बुलेंस के अभाव में अब नहीं टूटेंगी सांसें
इस संबंध में नगर पंचायत के अध्यक्ष पति सह भाजपा नेता तरुण गुप्ता ने कहा कि आए दिन मीडिया के माध्यम से ऐसी दर्दनाक खबरें और तस्वीरें सामने आ रही थीं, जहां मरीजों को ट्रैक्टर, खटिया या डोली में लादकर अस्पताल तक पहुंचाया जा रहा था। उन्होंने इसे बेहद निंदनीय और दुखद स्थिति बताया। तरुण गुप्ता ने कहा की जामताड़ा के किसी भी नागरिक की मौत सिर्फ एम्बुलेंस के अभाव में न हो, इसी संवेदनशीलता को ध्यान में रखकर इस निशुल्क सेवा की शुरुआत की गई है। अक्सर देखा जाता था कि सरकारी 108 एम्बुलेंस समय पर नहीं पहुंच पाती थी, जिससे मरीज दम तोड़ देते थे। अब हर वर्ग के व्यक्ति को यह निशुल्क सेवा मिलेगी।
सिर्फ एक कॉल पर मिलेगी मदद
इस निशुल्क एम्बुलेंस सेवा का लाभ उठाने के लिए एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। नगर पंचायत की ओर से जारी किए गए संपर्क नंबर 7765950812 पर कॉल करते ही आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस तुरंत पीड़ित के पास पहुंच जाएगी। इस ऐतिहासिक और जनकल्याणकारी शुरुआत के मौके पर क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे, जिनमें वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन बर्मन, वार्ड पार्षद मधुसूदन चंद्र, दीनबंधु सिंह, विजय रावत, उत्तम रवानी, राकेश गुप्ता सहित भारी संख्या में स्थानीय नागरिक और जनप्रतिनिधि शामिल थे। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत की इस पहल का सहर्ष स्वागत किया है।