logo

जामताड़ा के मोहड़ार तालाब में मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का शव, रात में मछली पकड़ने निकला था मृतक

जामताड़ा के मोहड़ार तालाब में मिला 50 वर्षीय व्यक्ति का शव, रात में मछली पकड़ने निकला था मृतक

जामताड़ा:  
नारायणपुर थाना क्षेत्र के कोरीडीह वन पंचायत स्थित मोहड़ार तालाब में शुक्रवार सुबह 50 वर्षीय जहारुद्दीन अंसारी उर्फ दुलिया का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। ग्रामीणों ने तालाब में शव को उपलाता हुआ देखा, जिसके बाद तत्काल नारायणपुर थाना पुलिस और मृतक के परिजनों को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को तालाब से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

रात में मछली पकड़ने के लिए निकला था घर से
जानकारी के अनुसार, जहारुद्दीन अंसारी मछली पकड़ने का काम करता था। बताया जा रहा है कि वह गुरुवार रात करीब 9 बजे मछली पकड़ने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। शुक्रवार सुबह जब स्थानीय लोग मोहड़ार तालाब पहुंचे तो उन्होंने पानी में उसका शव देखा। शव मिलने की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस और परिजनों को सूचना दी।

पेट्रोलिंग टीम ने तालाब से निकाला शव
सूचना मिलने के बाद नारायणपुर थाना की पेट्रोलिंग गाड़ी मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने शव को तालाब से बाहर निकाला और अपने कब्जे में लेकर थाने ले गए। स्थानीय निवासी समसुल अंसारी ने बताया कि सुबह जहारुद्दीन अंसारी का शव तालाब में दिखाई देने के बाद तुरंत पुलिस को इसकी जानकारी दी गई थी।

पोस्टमॉर्टम के बाद स्पष्ट होगा मौत का कारण
फिलहाल शव को नारायणपुर थाना में रखा गया है। पुलिस की ओर से जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

दो दिनों में तालाब से दो शव मिलने से इलाके में चर्चा
गौरतलब है कि गुरुवार देर शाम भी तीन दिनों से लापता युवक निकराज कुमार दास का शव भैयाडीह स्थित एक तालाब से बरामद हुआ था। वह बुधुडीह गांव का रहने वाला था। लगातार दो दिनों में तालाब से दो लोगों के शव मिलने के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। हालांकि, दोनों मामलों में मौत की वास्तविक वजह पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी।

Tags - Jamtara News Narayanpur News Jharuddin Ansari Pond Death Jharkhand News