logo

जामताड़ा में मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट जब्त करने पर भारी हंगामा, परिवहन कर्मियों से धक्का-मुक्की और मारपीट

WhatsApp_Image_2026-06-20_at_9_23_56_AM.jpeg

जामताड़ा
जामताड़ा में सड़क सुरक्षा अभियान के तहत शुक्रवार रात टावर चौक पर चलाया गया विशेष जांच अभियान उस समय तनावपूर्ण हो गया, जब मॉडिफाइड साइलेंसर वाली बुलेट मोटरसाइकिल को जब्त करने पर वाहन चालक के समर्थकों ने हंगामा कर दिया। इस दौरान भीड़ ने सड़क सुरक्षा टीम के कर्मियों के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की।जांच के दौरान बुलेट जब्त करने पर बढ़ा विवाद
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जिला परिवहन कार्यालय की टीम जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में टावर चौक पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बुलेट मोटरसाइकिलों में नियमों के विरुद्ध लगे मॉडिफाइड साइलेंसरों की जांच करना था। जांच के दौरान दो से तीन बुलेट मोटरसाइकिलों में अवैध साइलेंसर पाए गए, जिन्हें नियमों के उल्लंघन के आरोप में जब्त कर तुरंत जामताड़ा थाना भेज दिया गया। सहयोगियों को बुलाने के बाद हुआ हंगामा
​प्रशासनिक कार्रवाई से नाराज एक बुलेट चालक ने चालाकी दिखाते हुए फोन कर अपने सहयोगियों को मौके पर बुला लिया। देखते ही देखते टावर चौक पर भारी भीड़ जमा हो गई और माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण हो गया। उस समय वहां खड़ी अन्य बुलेट बाइकों की निगरानी जिला परिवहन कार्यालय के कर्मी तौसीफ सतीश कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उत्तेजित भीड़ ने अचानक तौसीफ सतीश को निशाना बनाया। लोगों ने उनके साथ न सिर्फ धक्का-मुक्की की, बल्कि मारपीट पर भी उतारू हो गए।
पुलिस के हस्तक्षेप से नियंत्रित हुआ मामला
हंगामे की सूचना मिलते ही मौके पर मौजूद जामताड़ा थाना पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप किया। पुलिस बल ने बीच-बचाव कर उपद्रव कर रहे तत्वों को हटाया और स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित किया। इस घटना के बाद ऑन-ड्यूटी सरकारी कर्मियों की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हैं। फिलहाल जामताड़ा थाना पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सरकारी कार्य में बाधा डालने व धक्का-मुक्की करने वाले आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।

Tags - Jamtara News Road Safety Bullet Motorcycle Traffic Checking Jharkhand News