जामताड़ा
जामताड़ा विधायक इरफान अंसारी पैसा बांट कर वोट खरीदने की कोशिश कर रहे हैं, ये आरोप भारतीय जनता पार्टी के नेता वीरेंद्र मंडल ने लगया है। बुधवार को प्रेस वार्ता का आयोजन कर मंडल ने जामताड़ा विधायक डॉ इरफान अंसारी पर चुनाव में पैसा बांटने का आरोप लगाया है। प्रेस वार्ता में मंडल ने कहा कि आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते हुए पैसे बांटकर झामुमो प्रत्याशी के लिए वोट मांगने का काम किया। कहा, विधायक की इस हरकत का बीजेपी कार्यकर्ता मुकेश तिवारी ने जब विरोध किया तो विधायक ने अपने अंगरक्षकों को उसे मारने की बात कही।

ये आरोप लगाये
वीरेंद्र मंडल ने बताया कि विधायक के अंगरक्षकों के द्वारा मुकेश तिवारी पर हथियार तानते हुए यहां से भागने का भय दिखाया। इसके बाद वह कार्यकर्ता मौके से तो भाग गया लेकिन विधायक ने अपनी गाड़ी से उसका पीछा किया। कुचलने का प्रयास किया गया। मंडल ने आरोप लगाया कि इस दौरान विधायक की गाड़ी कार्यकर्ता के पांव पर चढ़ गई। इससे उसके पांव की हड्डी टूट गई है। उन्होंने कहा कि इस घटना की लिखित शिकायत नारायणपुर थाना में की गयी है। वहीं, विधायक की ओर से आवेदन दिए जाने की बाबत वीरेंद्र मंडल ने कहा कि यह सरासर गलत है, बेबुनियाद है। उन्होंने खुद ही सारे घटना को अंजाम दिया और खुद ही आवेदन देकर अपने आप को साफ सुथरा बताने का प्रयास कर रहे हैं।

प्रशासन को भी घेरा
वीरेंद्र मंडल ने प्रशासन पर भी आरोप लगाया है। कहा, जिला प्रशासन वर्तमान राज्य सरकार के दबाव में काम कर रहा है। इसका परिणाम है कि हर क्षेत्र में खुलेआम पैसे का आवागमन और आदान-प्रदान हो रहा है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मांग की कि अभी चुनाव के तीन दिन बाकी है। पुलिस का जांच अभियान तेज होना चाहिए ताकि पैसों का लेनदेन नहीं हो सके। मंडल ने कहा कि विधायक के खिलाफ हम लोग भारतीय चुनाव आयोग, राज्य चुनाव आयोग और इससे संबंधित सभी वरिष्ठ पदाधिकारी को लिखित शिकायत देंगे।
हमें फॉलो करने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें -
https://chat।whatsapp।com/H6JHUZV9z0LIcfjbcYlVDn