logo

जामताड़ा : खनन विभाग की छापेमारी में गिट्टी लदा हाइवा और दो बालू ट्रैक्टर जब्त, माफियाओं में हड़कंप

WhatsApp_Image_2026-06-28_at_10_12_26_AM.jpeg

जामताड़ा
प्रशासन ने अवैध खनन और परिवहन के खिलाफ एक बड़ी कार्रवाई की है, जिसके तहत गिट्टी से लदे एक हाइवा और बालू लदे दो ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है। उपायुक्त आलोक कुमार के कड़े निर्देश पर खनन विभाग द्वारा शनिवार देर शाम यह विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया है। अभियान का नेतृत्व कर रहे माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार तथा जामताड़ा थाना प्रभारी मनोज कुमार महतो ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के विभिन्न संवेदनशील इलाकों में जांच अभियान चलाया।कागजात के बिना गिट्टी का परिवहन
सबसे पहले कोर्ट रोड के समीप गिट्टी ले जा रहे एक हाइवा को रोका गया। जांच के दौरान चालक गिट्टी से संबंधित कोई भी वैध कागजात या चालान पेश नहीं कर सका। माइनिंग इंस्पेक्टर ने तुरंत वाहन को जब्त कर जामताड़ा थाना को सौंप दिया। इसके बाद देर रात माइनिंग इंस्पेक्टर ने गोपालपुर नदी घाट पर औचक दबिश दी। वहाँ अवैध रूप से बालू लोड कर रहे दो ट्रैक्टरों को पकड़ा गया। हालांकि, खनन टीम को देखते ही ट्रैक्टर चालक और मालिक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। आगे भी जारी रहेगा अभियान
जब्त किए गए तीनों वाहनों को जामताड़ा थाना परिसर में सुरक्षित खड़ा करा दिया गया है। खनन विभाग की तहरीर पर अवैध उत्खनन और परिवहन की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के खिलाफ यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Tags - Jamtara News Illegal Mining Jharkhand News Mining Raid Breaking News