जामताड़ा:
जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत चित्तरंजन रेलवे स्टेशन चौक के पास हाईवे-419 पर शुक्रवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसे में 66 वर्षीय सेवानिवृत्त चित्तरंजन लोकोमोटिव वर्क्स (चिरेका) कर्मी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान चित्तरंजन के फतेहपुर (स्ट्रीट संख्या-48, क्वार्टर संख्या-16सी) निवासी दिनेश सिंह के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दिनेश सिंह अपनी बड़ी बेटी और अन्य परिजनों के साथ बिहार के डुमरी बढ़ैया स्थित पैतृक गांव जाने के लिए ट्रेन पकड़ने चित्तरंजन रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। इसी दौरान वह स्टेशन से बाहर निकलकर सड़क के दूसरी ओर स्थित चापानल (हैंडपंप) से पानी लेने जा रहे थे। जैसे ही उन्होंने हाईवे पार करना चाहा, जामताड़ा की ओर से आ रही तेज रफ्तार और अनियंत्रित पिकअप वैन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय वहां कुछ टोटो चालक और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान भी मौजूद थे। मृतक के परिजनों का आरोप है कि दुर्घटना के तुरंत बाद किसी ने उनकी मदद नहीं की, जिससे समय पर प्राथमिक उपचार भी नहीं मिल सका। इस पूरी घटना का दृश्य पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया है, जिसका फुटेज भी सामने आया है। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को पकड़ लिया, लेकिन चालक अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा तैयार किया। इसके बाद पोस्टमार्टम के लिए शव को जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वैन को जब्त कर लिया है और फरार चालक की तलाश में छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और चालक की गिरफ्तारी के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।