जामताड़ा
हावड़ा-नई दिल्ली मुख्य रेलखंड पर शुक्रवार सुबह एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना मिहिजाम थाना क्षेत्र के साकी पाथर बेवा के समीप की है। मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष बताई जा रही है। सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा सदर अस्पताल भेज दिया।

ट्रैकमैन ने निरीक्षण के दौरान देखा शव
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह चित्तरंजन और जामताड़ा रेलवे स्टेशन के बीच ट्रैकमैन रोजाना की तरह रेलवे ट्रैक का निरीक्षण कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर रेलवे लाइन के किनारे पड़े एक युवक के शव पर पड़ी। इसके बाद उन्होंने तत्काल इसकी सूचना मिहिजाम थाना पुलिस और आरपीएफ को दी। सूचना मिलते ही मिहिजाम थाना के एएसआई राकेश कुमार और जामताड़ा आरपीएफ के एसआई ए.के. पांडेय अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की।

ट्रेन की चपेट में आने की आशंका, पहचान में जुटी पुलिस
प्राथमिक जांच और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस को आशंका है कि युवक किसी अज्ञात ट्रेन की चपेट में आया होगा, जिससे उसकी मौत हुई। हालांकि, पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा गया है। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है। मिहिजाम पुलिस और आरपीएफ आसपास के थानों व गांवों से संपर्क कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि किसी को मृतक के बारे में जानकारी हो तो तत्काल पुलिस को सूचित करें।