जामताड़ा
जामताड़ा जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र अंतर्गत गोवाकोला स्थित तालाब में शनिवार को नहाने के दौरान डूबने से 32 वर्षीय मजदूर मंगल राय की मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस पिता के सहारे घर और दुधमुंही बच्ची का भविष्य टिका था, उसकी अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक की पहचान तलवड़िया गांव निवासी मंगल राय के रूप में हुई है। बताया गया कि मंगल राय मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण किया करते थे। शनिवार को वह गोवाकोला स्थित तालाब में नहाने गए थे। इसी दौरान गहरे पानी में चले जाने के कारण वह डूब गए और उनकी मौत हो गई।
.jpeg)
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
इधर, सूचना मिलते ही मिहिजाम पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से शव को तालाब से बाहर निकाला गया। पुलिस ने आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जामताड़ा भेज दिया। मंगल राय की मौत की खबर सुनते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक के भाई तुलसी राय और तरुण राय ने बताया कि मंगल के पीछे एक दुधमुंही बच्ची है। पिता की मौत से मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया हमेशा के लिए उठ गया। परिवार के लिए यह हादसा सिर्फ एक मौत नहीं, बल्कि उनकी जिंदगी का सहारा छिन जाने जैसा है।
