logo

जामताड़ा में यात्री बनकर शराब तस्करी कर रहे बिहार के 2 तस्कर गिरफ्तार

ेदीो2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा के मिहिजाम थाना पुलिस ने अवैध शराब तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बिहार के दो कथित शराब तस्करों को गिरफ्तार किया है। थाना प्रभारी प्रदीप राणा को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने चित्तरंजन गेट नंबर-1 के पास छापेमारी की। इस दौरान दो ट्रॉली बैग और एक पिट्ठू बैग में छिपाकर ले जाई जा रही बड़ी मात्रा में अंग्रेजी शराब और बीयर बरामद की गई।


सामान्य यात्री बनकर कर रहे थे तस्करी
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 22 वर्षीय राजा कुमार, निवासी एकडारा, थाना खजौली, जिला मधुबनी और 28 वर्षीय विष्णु पंडित, निवासी राहोपुर, थाना बेनी बाद, जिला मुजफ्फरपुर, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे मिथिला एक्सप्रेस ट्रेन से चित्तरंजन स्टेशन होकर मुजफ्फरपुर जाने की तैयारी में थे। पुलिस के मुताबिक, सुरक्षा एजेंसियों को चकमा देने के लिए शराब को ट्रॉली और पिट्ठू बैग में इस तरह रखा गया था कि वे सामान्य रेल यात्रियों का सामान नजर आएं। तलाशी के दौरान हरे ट्रॉली बैग से 750 एमएल की रॉयल स्टैग की 14 बोतलें, काले पिट्ठू बैग से 500 एमएल के हेवर्ड्स कैन बीयर के 48 पीस और ब्लू ट्रॉली बैग से 750 एमएल की मैजिक मोमेंट्स की 14 बोतलें बरामद की गईं। पुलिस ने शराब और बीयर को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।


मामला दर्ज, जेल भेजने की तैयारी
पुलिस ने इस मामले में मिहिजाम थाना कांड संख्या 58/2026, दिनांक 13 अगस्त 2026 के तहत BNS की धारा 274, 275, 292 और उत्पाद अधिनियम की धारा 47(a) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। मामले की जांच पुलिस अवर निरीक्षक अजित सागर केरकेट्टा कर रहे हैं। पुलिस दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेल भेजने की तैयारी में है।

 

Tags - Jamtara News Mihijam Police Liquor Smuggling Bihar Smugglers Alcohol Seizure