द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले में भी रसोई गैस (LPG) की भारी किल्लत देखी जा रही है, जिससे आम जनता के बीच अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। LPG मांग की तुलना में गैस सिलेंडर की आपूर्ति काफी कम होने के कारण स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। बुधवार को दो दिनों के लंबे इंतजार के बाद जब गैस की खेप जामताड़ा पहुंची, तो बुधुडीह स्थित गैस गोदाम पर सुबह से ही उपभोक्ताओं का सैलाब उमड़ पड़ा। वहीं भीड़ और संभावित हंगामे को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर पुलिस बल की तैनाती की है। वर्तमान में गैस का वितरण पूरी तरह पुलिस की निगरानी में किया जा रहा है, ताकि कतारबद्ध तरीके से लोगों को सिलेंडर मिल सके। उपभोक्ताओं की लंबी कतारें सड़क तक पहुंच गई हैं, जिससे आसपास के क्षेत्रों में यातायात भी प्रभावित हो रहा है।
.jpg)
घंटों लाइन में खड़े उपभोक्ता नसीम अंसारी ने बताया कि मैं तड़के सुबह ही यहाँ आ गया था। दो दिनों से चूल्हा जलना मुश्किल हो गया है। उम्मीद है कि आज खाली हाथ वापस नहीं लौटना पड़ेगा। कई अन्य उपभोक्ताओं ने भी शिकायत की कि मांग के अनुसार आपूर्ति नही होने से उन्हें बार-बार गोदाम के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। दूसरी ओर गैस एजेंसी के कर्मियों का कहना है कि वे आपूर्ति बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं। एजेंसी के अनुसार ऊपर से ही गैस की कम आपूर्ति प्राप्त हो रही है। उपलब्ध स्टॉक को प्राथमिकता के आधार पर वितरित किया जा रहा है। प्रशासन के सहयोग से यह सुनिश्चित किया जा रहा है, कि वितरण में कोई पक्षपात न हो।
.jpeg)