logo

जामताड़ा के पेटारी गांव में खसरा की दस्तक, दो मामलों की पुष्टि से स्वास्थ्य विभाग अलर्ट

SAMU.jpg

दीपक झा/जामताड़ा
जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड अंतर्गत पेटारी गांव में खसरा (मीजल्स) के दो पॉजिटिव मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। 22 अप्रैल को भेजे गए सैंपलों की जांच में दो बच्चों में संक्रमण की पुष्टि हुई है, जबकि सर्वे के दौरान तीन अन्य संदिग्ध मरीजों की पहचान की गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने तुरंत सक्रियता दिखाते हुए गांव में व्यापक निगरानी और नियंत्रण अभियान शुरू कर दिया है। जिला निगरानी पदाधिकारी डॉ. दीपक कुमार के नेतृत्व में मेडिकल टीम ने गांव का दौरा कर घर-घर सर्वे किया और संक्रमण के प्रसार को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए।


स्वास्थ्य विभाग की त्वरित कार्रवाई, सैंपल जांच और वैक्सीनेशन तेज
नए संदिग्ध मरीजों में से एक का ब्लड सैंपल जांच के लिए रांची भेजा गया है, ताकि संक्रमण की स्थिति स्पष्ट हो सके। संक्रमण को फैलने से रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने रिंग वैक्सीनेशन अभियान शुरू किया है। प्रभावित क्षेत्र के बच्चों को विटामिन-ए की खुराक दी जा रही है और नियमित टीकाकरण से छूटे बच्चों की पहचान कर उन्हें वैक्सीन दी जा रही है। आईडीएसपी और डब्ल्यूएचओ की टीमें गांव में कैंप कर लगातार निगरानी कर रही हैं, ताकि कोई भी संभावित मामला नजर से न छूटे और समय रहते नियंत्रण किया जा सके।


ग्रामीणों के लिए एडवाइजरी जारी, लक्षण दिखने पर तुरंत करें संपर्क
स्वास्थ्य विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं, लेकिन सतर्क रहें। प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. ए.के. सिंह ने कहा कि बच्चों में तेज बुखार, खांसी, शरीर पर लाल चकत्ते, आंखों का लाल होना या नाक बहने जैसे लक्षण दिखें तो इसे नजरअंदाज न करें। तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करें, ताकि समय पर इलाज शुरू किया जा सके और संक्रमण के फैलाव को रोका जा सके। इस अभियान में आईडीएसपी के अजीत दुबे, डब्ल्यूएचओ मॉनिटर शशिभूषण सहित सीएचसी नारायणपुर की टीम सक्रिय रूप से लगी हुई है।

 

 

Tags - health news Jharkhand news measles outbreak vaccination WHO IDSP public health