logo

छठी में गए युवक का कुएं में मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या कर शव फेंकने का आरोप

छठी में गए युवक का कुएं में मिला शव, परिजनों ने लगाया हत्या कर शव फेंकने का आरोप

द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडरो गांव में मंगलवार देर रात सनसनीखेज घटना सामने आई। गांव के ही एक कुएं से 45 वर्षीय संतोष भंडारी का शव बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक संतोष भंडारी गम्हरियाटांड़ गांव का रहने वाला था और पेशे से हजामत यानी बाल-दाढ़ी बनाने का काम करता था। घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, संतोष मंगलवार को मंडरो गांव निवासी महादेव तुरी के घर आयोजित छठियारी कार्यक्रम में हजामत बनाने के सिलसिले में गया था। परिजनों का कहना है कि कार्यक्रम समाप्त होने के बाद शाम को उसे दोबारा खाना खाने के बहाने घर से बुलाकर ले जाया गया। इसके बाद से वह संदिग्ध परिस्थितियों में गायब हो गया।


कुएं में गिरने की आशंका पर तलाश
बताया गया कि मंगलवार रात करीब आठ बजे परिजनों और ग्रामीणों को संतोष के कुएं में गिरने की आशंका हुई। इसके बाद कुएं से उसका शव बाहर निकाला गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। संतोष की मौत को लेकर परिजनों ने सीधे तौर पर महादेव तुरी और उसके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। परिजनों का आरोप है कि संतोष की हत्या करने के बाद शव को छुपाने की नीयत से कुएं में फेंका गया। हालांकि, इन आरोपों की अभी पुलिस स्तर पर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। उल्लेखनीय है कि महादेव तुरी की मां वर्तमान में नारायणपुर थाना क्षेत्र में चौकीदार के पद पर कार्यरत हैं। घटना की सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस भारी दलबल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महादेव तुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने कुएं के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की निष्पक्ष जांच की मांग की है। बताया जा रहा है कि यह सीसीटीवी कैमरा महादेव तुरी के घर पर ही लगा हुआ है। ग्रामीणों और परिजनों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज की जांच से घटना से जुड़े कई अहम तथ्यों का पता चल सकता है। बुधवार सुबह पुलिस ने परिजनों और आक्रोशित ग्रामीणों को समझा-बुझाकर स्थिति को नियंत्रित किया।


पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा मौत का राज
पुलिस ने संतोष भंडारी के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद ही संतोष की मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और मंडरो गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस की पैनी नजर बनी हुई है। वहीं, संतोष की मौत के बाद उसके परिजनों में आक्रोश है और वे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

Tags - Jamtara News Mandro Village Santosh Bhandari Narayanpur Police Station Well Death Murder Allegation