द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा जिले के कुंडहित प्रखंड स्थित अंबा गांव में हुए वज्रपात हादसे ने एक और परिवार की खुशियां छीन लीं। आम चुनने के दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आए 16 वर्षीय दिनू दास की इलाज के दौरान मौत हो गई। इसके साथ ही इस दर्दनाक हादसे में जान गंवाने वाले बच्चों की संख्या बढ़कर दो हो गई है। किशोर की मौत की खबर मिलते ही पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर अचानक आए आंधी-तूफान और हल्की बारिश के बीच अंबा गांव के पांच बच्चे बागान में आम चुनने गए थे। इसी दौरान तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली गिर गई, जिसकी चपेट में सभी बच्चे आ गए। हादसे में 13 वर्षीय एक बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि दिनू दास गंभीर रूप से झुलस गया था। अन्य बच्चों को भी चोटें आई थीं।

पश्चिम बंगाल के अस्पताल में चल रहा था इलाज
घटना के बाद दिनू दास को स्थानीय स्तर पर प्राथमिक उपचार दिया गया, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण उसे बेहतर इलाज के लिए पश्चिम बंगाल के सिउड़ी सदर अस्पताल रेफर किया गया था। परिजनों के मुताबिक अस्पताल में भर्ती होने के बाद से ही उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई थी और वह वेंटिलेटर सपोर्ट पर था। गुरुवार दोपहर करीब दो बजे उसने इलाज के दौरान अंतिम सांस ली।

मुआवजे और सहायता की मांग
दिनू दास की मौत की खबर गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में मातम छा गया। ग्रामीणों ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। ग्रामीणों ने प्रशासन और राज्य सरकार से मृतकों के परिजनों को तत्काल मुआवजा और आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। लगातार दूसरी मौत के बाद अंबा गांव में शोक का माहौल है और लोग इस दर्दनाक हादसे से स्तब्ध हैं।