द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
जामताड़ा जिले के करमाटांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रामपुर भिठरा गांव में खेत से बरामद अज्ञात महिला के शव की पहचान हो गई है। मृतका की पहचान शीला देवी पति गुड्डू सिंह के रूप में हुई है। गुरुवार, 8 अक्टूबर को दोपहर करीब 12 बजे खेत में महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। जानकारी के अनुसार, घटनास्थल से महज 70 मीटर की दूरी पर ही मृतका का घर स्थित है। शव की स्थिति काफी खराब हो चुकी थी और उसमें कीड़े पड़ गए थे। वहीं, महिला का एक हाथ जला हुआ भी पाया गया था। ग्रामीणों को तेज दुर्गंध आने के बाद खेत में शव पड़े होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मृतका की छोटी बच्ची भी है
सूचना मिलने पर करमाटांड़ थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने करमाटांड़ थाना कांड संख्या 80/26, दिनांक 08 अक्टूबर 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1), 238 एवं 3(5) के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की है। घटनास्थल से महज 70 मीटर की दूरी पर घर होने और महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने के कारण मामले को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। मृतका की एक छोटी बच्ची भी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। महिला की मौत किन परिस्थितियों में हुई और इसके पीछे क्या कारण है, इसका खुलासा जांच एवं पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।