जामताड़ा:
दत्तोपंत ठेंगड़ी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (ITI) परिसर में शनिवार को भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया गया। इस मेले का औपचारिक उद्घाटन जामताड़ा के उपायुक्त आलोक कुमार ने किया। मेले में युवाओं को रोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए कुल 13 कंपनियों ने अपने स्टॉल लगाए, जिनमें आठ स्थानीय कंपनियां प्रमुख रूप से शामिल रहीं।

अभ्यर्थियों से किया सीधा संवाद
कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त आलोक कुमार ने विभिन्न कंपनियों के स्टॉलों का निरीक्षण किया और नौकरी की आस में पहुंचे अभ्यर्थियों से सीधे संवाद किया। चयनित युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्होंने कहा कि नौकरी केवल एक नियुक्ति पत्र नहीं है, बल्कि यह माता-पिता की उम्मीदों और पूरे परिवार के भविष्य से जुड़ी एक बड़ी जिम्मेदारी है।
.jpeg)
ईमानदारी और मेहनत से काम करने की सलाह
उन्होंने अभ्यर्थियों को सलाह दी कि वे किसी भी परिस्थिति में घबराएं नहीं। जहां भी कार्य करने का मौका मिले, वहां पूरी ईमानदारी, निष्ठा और कड़े परिश्रम के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ दें। इससे न केवल उनका व्यक्तिगत विकास होगा, बल्कि वे अपने परिवार और जामताड़ा जिले का नाम भी रोशन करेंगे। उपायुक्त ने उपस्थित सभी युवाओं का आह्वान किया कि वे मेले में उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाएं और अपनी योग्यता व कौशल के अनुसार सही रोजगार का चयन करें।