जामताड़ा
जामताड़ा में NGT के नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन और खनन विभाग ने अवैध बालू माफियाओं के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। उपायुक्त (DC) आलोक कुमार के सख्त निर्देश पर जिले के विभिन्न बालू घाटों पर लगातार छापेमारी की जा रही है, जिससे अवैध कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। इसी कड़ी में खनन विभाग को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।

चालक और मालिक मौके से फरार
माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि मिहिजाम थाना क्षेत्र के कुस बेदिया गांव के पास अवैध रूप से बालू का उठाव कर परिवहन किया जा रहा है। सूचना के आधार पर माइनिंग इंस्पेक्टर की अगुवाई में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर दबिश दी और अवैध बालू से लदे एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। इसके बाद ट्रैक्टर को कानूनी कार्रवाई के लिए मिहिजाम थाना को सौंप दिया गया। हालांकि, खनन टीम को आते देख ट्रैक्टर का चालक और मालिक मौके से फरार हो गए, जिनकी पहचान कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।

अब तक कुल नौ ट्रैक्टरों को जब्त किया गया
जिले में अवैध खनन और परिवहन को रोकने के लिए प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। इस महीने में 13 जुलाई तक की गई बड़ी कार्रवाई में जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर अब तक कुल नौ ट्रैक्टरों को जब्त किया गया है। बालू के साथ-साथ पत्थरों के अवैध खनन पर भी नकेल कसी गई है, जिसके तहत दो हाइवा वाहनों को पकड़ा गया है। वहीं माइनिंग इंस्पेक्टर अखिलेश कुमार ने स्पष्ट किया है कि पर्यावरण नियमों की अनदेखी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिले में एनजीटी के आदेशों का शत-प्रतिशत पालन कराया जाएगा और अवैध परिवहन पर पूर्ण रोक लगाने के लिए यह छापेमारी अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।