logo

जामताड़ा में 'बत्ती गुल पर मीटर चालू', बिल देखकर उपभोक्ताओं ने पीटा माथा; जानें पूरा मामला

WhatsApp_Image_2026-06-03_at_5_43_03_PM.jpeg

​जामताड़ा
स्मार्ट मीटर और बिजली बिलों में आ रही गड़बड़ियों को लेकर उपभोक्ताओं का गुस्सा बढ़ता ही जा रहा है। ताजा मामला जामताड़ा जिले के मिहिजाम नगर क्षेत्र अंतर्गत हासीपहाड़ी (कंगोई) से सामने आया है। पीड़ित उपभोक्ता उपभोक्ता का है कि इलाके में बिजली गुल रहने या घर का मेन स्विच बंद होने के बावजूद उनका बिजली मीटर यूनिट दर्ज कर रहा है। बिना बिजली इस्तेमाल किए ही आ रहे इस अचानक बढ़े हुए बिल के कारण उन्हें असामान्य रूप से अधिक बिल का भुगतान करना पड़ रहा है।  
​क्या है पूरा मामला?
​हासीपहाड़ी निवासी उपभोक्ता सेरुन बीबी (उपभोक्ता संख्या: HPDS649M) ने विभागीय अधिकारियों को सौंपे शिकायत पत्र में बताया कि उनके घर की मासिक बिजली खपत सामान्यतः 120 से 200 यूनिट के बीच रहती है। उनके घर में कोई ऐसा भारी विद्युत उपकरण (जैसे एसी या हीटर) भी नहीं है जो ज्यादा बिजली खींचे। इसके बावजूद, अप्रैल 2026 के बिल में अचानक 566 यूनिट खपत दर्शाई गई है, जिसे देखकर पूरा परिवार हैरान है। 
उपभोक्ता के गंभीर आरोप: बिजली बंद, फिर भी मीटर चालू
​शिकायतकर्ता के अनुसार, जब क्षेत्र में बिजली कट जाती है या घर का मुख्य स्विच बंद रहता है, तब भी मीटर चलता रहता है। उपभोक्ता का दावा है कि बिना किसी उपयोग के भी मीटर में 30 से 40 यूनिट तक की खपत दर्ज हो रही है। पिछले कुछ ही दिनों में मीटर ने 133 यूनिट की अतिरिक्त और फर्जी खपत दर्ज की है। साक्ष्य के रूप में उपभोक्ता ने मीटर रीडिंग की तस्वीरें और पुराने बिलों की प्रतियां भी विभाग को सौंपी हैं। ​दो बार गुहार, अब कार्रवाई का इंतजार
​इस गड़बड़ी को लेकर उपभोक्ता ने सबसे पहले 11 मई 2026 को सहायक अभियंता (AE), मिहिजाम को लिखित शिकायत दी थी। कोई समाधान नहीं होने पर, 19 मई 2026 को दोबारा विस्तृत शिकायत पत्र सौंपकर मीटर की तकनीकी जांच और उसे तुरंत बदलने (Replacement) की मांग की गई है। दोनों ही पत्रों पर विभाग की 'प्राप्ति मुहर' लग चुकी है। उपभोक्ता ने मांग की है कि अप्रैल महीने के इस त्रुटिपूर्ण बिल का पुनर्मूल्यांकन किया जाए और पिछले महीनों की औसत खपत के आधार पर संशोधित बिल जारी किया जाए। अब देखना यह है कि विभाग इस तकनीकी खामी पर कितनी जल्दी संज्ञान लेता है।

Tags - Jamtara News Smart Meter Electricity Bill Consumer Complaint Jharkhand News