द फॉलोअप डेस्क
साइबर अपराध के गढ़ के रूप में चर्चित रहे जामताड़ा में अब खुद जिले के आला अधिकारी ही साइबर ठगों के निशाने पर आ गए हैं। साइबर अपराधियों द्वारा जामताड़ा के उपायुक्त (DC) सह जिला दंडाधिकारी रवि आनंद (भा०प्र०से०) के नाम और तस्वीर का इस्तेमाल कर एक फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट बनाने का बेहद गंभीर मामला सामने आया है। मिली जानकारी के अनुसार, ठगों ने +62857-4611-3378 नंबर का उपयोग कर व्हाट्सएप प्रोफाइल पर उपायुक्त की तस्वीर लगाई है और आम लोगों व अधिकारियों को मैसेज भेज रहे हैं। सोमवार, 06 अप्रैल को मामला संज्ञान में आते ही उपायुक्त रवि आनंद ने कड़ा रुख अपनाया है। उन्होंने जिलेवासियों और आम जनता से अपील की है कि वे इस नंबर से आने वाले किसी भी संदेश (Message) पर कतई भरोसा न करें।

उन्होंने कहा कि अगर इस फर्जी अकाउंट से किसी भी प्रकार की वित्तीय मदद या पैसों की मांग की जाती है, तो उसे पूरी तरह नजरअंदाज करें। इस नंबर से मैसेज आने पर उसे तुरंत ब्लॉक कर दें और किसी भी प्रकार के झांसे में न आएं। इस तरह के किसी भी संदिग्ध मैसेज की सूचना तत्काल स्थानीय साइबर क्राइम थाने को दें। इसके साथ ही उन्होंने जामताड़ा पुलिस अधीक्षक (SP) कार्यालय को इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर अपराधियों के खिलाफ त्वरित और सख्त कानूनी कार्रवाई करने के आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिला प्रशासन से जुड़ी किसी भी प्रामाणिक सूचना या जानकारी के लिए केवल आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल का ही उपयोग करें।
.jpeg)