जामताड़ा:
जामताड़ा में साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। जामताड़ा पुलिस ने फर्जी मोबाइल ऐप्स (APK फाइलों) के जरिए देशभर के आम लोगों और बैंक उपभोक्ताओं से लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक संगठित साइबर गिरोह के चार शातिर सदस्यों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक (एसपी) शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध प्रकोष्ठ ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 13 मोबाइल फोन, 13 फर्जी सिम कार्ड, 8 एटीएम कार्ड, एक बैंक चेकबुक और 2.20 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस अधीक्षक कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान एसपी शंभू कुमार सिंह ने पूरी कार्रवाई और साइबर अपराधियों की कार्यशैली का खुलासा किया।

दो ठिकानों पर एक साथ पुलिस की छापेमारी
डीएसपी (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष छापामारी टीम ने जिले के दो अलग-अलग इलाकों में एक साथ कार्रवाई की। पहली छापेमारी करमाटांड थाना क्षेत्र के दुधानी गांव में मनीष कुमार मंडल के ठिकाने पर की गई, जहां से एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। वहीं, दूसरी कार्रवाई जामताड़ा थाना क्षेत्र के सोनबाद गांव में सिद्धार्थ दत्त के ठिकाने पर हुई, जहां से तीन अन्य आरोपियों को पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विकास मंडल (22 वर्ष), निवासी लटिया, नारायणपुर; देव दत्त (20 वर्ष), जयदेव साहनी (19 वर्ष) और सिद्धार्थ दत्त (34 वर्ष), तीनों निवासी सोनबाद, जामताड़ा के रूप में हुई है।
.jpeg)
गैस बिल और बैंक अपडेट के नाम पर फर्जी APK ऐप से ठगी
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार साइबर अपराधियों का गिरोह फर्जी APK फाइलों के जरिए लोगों को ठगी का शिकार बनाता था। आरोपी मुख्य रूप से हरियाणा सिटी गैस और अडानी गैस के ग्राहकों को निशाना बनाते थे। वे गैस बिल अपडेट करने का झांसा देकर पीड़ितों के मोबाइल फोन में फर्जी APK फाइल डाउनलोड करवाते थे। इसी तरह, यूको बैंक और अन्य बैंकों के ग्राहकों को भी बैंक अपडेट के नाम पर झांसे में लिया जाता था। फर्जी ऐप डाउनलोड होने के बाद अपराधी मोबाइल फोन तक अनधिकृत पहुंच हासिल कर लेते थे। इसके बाद बैंक खातों से संबंधित गोपनीय जानकारी हासिल कर पैसे की ठगी की जाती थी।
.jpeg)
13 मोबाइल और 2.20 लाख रुपये नकद बरामद
पुलिस की छापेमारी के दौरान गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 13 मोबाइल फोन, 13 फर्जी सिम कार्ड, 8 एटीएम कार्ड, एक बैंक चेकबुक और 2,20,000 रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस ने बरामद सामान को जांच के लिए जब्त कर लिया है।
BNS, IT एक्ट और दूरसंचार अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस मामले में जामताड़ा साइबर अपराध थाने में कांड संख्या 59/26 दर्ज किया गया है। आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023, आईटी एक्ट और दूरसंचार अधिनियम, 2023 की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई में जुटी है। छापामारी टीम में थाना प्रभारी राजेश मंडल, निरीक्षक अनिल अभिषेक और डीएसपी अमित कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।