logo

बिजली बिल अपडेट के नाम पर साइबर ठगी, जामताड़ा में एक आरोपी गिरफ्तार

JAMARREST26.jpg

जामताड़ा
जामताड़ा पुलिस ने बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर देशभर के लोगों से साइबर ठगी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर थाना पुलिस ने करमाटांड़ थाना क्षेत्र के तेलकियारी गांव में छापेमारी कर आरोपी मितम यादव (28) को गिरफ्तार किया। साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में गठित टीम ने आरोपी के घर पर छापेमारी की। इस संबंध में साइबर थाना कांड संख्या 46/2026 दर्ज किया गया है। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम और टेलीकम्युनिकेशंस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ये चीजें हुई बरामद 

छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से 8 मोबाइल फोन, 7 सिम कार्ड, 4 एटीएम कार्ड तथा 31,000 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बिजली उपभोक्ताओं को बिजली बिल अपडेट करने के नाम पर फर्जी APK फाइल मोबाइल पर भेजता था। पीड़ित के फाइल इंस्टॉल करते ही उसके मोबाइल की जानकारी तक पहुंच बनाकर बिजली बिल भुगतान के बहाने साइबर ठगी को अंजाम देता था। पुलिस के अनुसार गिरोह का नेटवर्क देश के विभिन्न राज्यों तक फैला हुआ है। छापेमारी दल में साइबर थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस पदाधिकारी वैभव सिंह तथा अमृत कुमार राम शामिल थे। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर ठगी के नेटवर्क की जानकारी जुटाने में लगी है।


 

Tags - Jamtara Cyber Crime Electricity Bill Fraud Cyber Fraud Arrest Mobile Phones Seized Cyber Police